Hisar Municipal Corporation Budget: हिसार में बुधवार को नगर निगम की बैठक हुई। इसमें नगर निगम के लिए 365 करोड़ रुपए का बजट रखा गया। यह पिछले साल के बजट से 57 करोड़ रुपए ज्यादा है। वहीं, पिछले साल नगर निगम ने कुल 248 करोड़ रुपए की कमाई की, जो इस साल के बजट से 100 करोड़ रुपए कम है। बता दें कि साल 2025-26 के लिए पेश किए बजट का इस्तेमाल विभिन्न विकास कार्यों में किया जाएगा।
जानकारी के मुताबिक, इस साल नगर निगम में बंदरों, कुत्तों और गोवंश पर 7.70 करोड़ रुपए खर्च करेगा, जिसके लिए अलग से बजट रखा गया है। इसमें से बंदरों को पकड़ने के लिए 2 करोड़, गोवंश के लिए 5 करोड़ और कुत्तों के वैक्सीनेशन के लिए 70 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे।
मेयर की अध्यक्षता में हुई बैठक
बुधवार को हिसार नगर निगम के मेयर प्रवीण पोपली की अध्यक्षता में बैठक हुई। इस दौरान सभी पार्षद सदन में मौजूद रहे। निगम के अकाउंटेंट अशोक नेहरा ने बजट पढ़कर सुनाया, जिसे सभी की सहमति से मंजूरी दी गई। इस दौरान मेयर ने सभी पार्षदों से सुझाव भी मांगे। बता दें कि अब इस बजट को हरियाणा के शहरी स्थानीय निकाय विभाग के जरिए सरकार के पास भेजा जाएगा। जानकारी के मुताबिक, नगर निगम में पेश किए गए बजट में से करीब 190 करोड़ रुपए विकास कार्यों पर खर्च किए जाएंगे।
पिछले साल पूरा नहीं हुआ आय का टारगेट
दरअसल, पिछले साल नगर निगम ने आय के लिए जो लक्ष्य रखा था। उसे साल के अंत तक पूरा नहीं कर पाई। बताया जा रहा है कि प्रॉपर्टी टैक्स की वजह से आय का लक्ष्य पूरा नहीं हो पाया। साल 2024-25 में प्रॉपर्टी टैक्स के जरिए कुल प्रॉपर्टी टैक्स की कमाई हुई थी, जिसमें फायर टैक्स और एम-टैक्स मिलान के बाद यह राशि 32.48 करोड़ रुपए तक पहुंची। जबकि बजट के वित्त वर्ष में इसका टारगेट 42.50 करोड़ रुपए रखा गया था, जो पूरा नहीं हो पाया।
ये भी पढ़ें: रोहतक नगर निगम बैठक: बजट पास, लेकिन सफाई और बिजली-पानी की समस्या का समाधान न होने पर हंगामा