Bahadurgarh: बादली स्थित एनसीआर माइनर में मिले शव के मामले में स्थिति जस की तस है। न तो मृतक की पहचान हो सकी और न ही इस मामले में कोई अन्य सुराग मिल सका है। निर्धारित समयावधि पूरी होने के बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा दिया। इस संबंध में बादली थाने में हत्या और साक्ष्य मिटाने की धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है। पुलिस मामले में जल्द आरोपी को काबू कर खुलासा करने का दावा कर रही है।

प्लास्टिक के कट्टे में बंधा हुआ था शव

बुधवार सुबह एनसीआर माइनर में एक शव मिला था। शव प्लास्टिक के कट्टे में बंधा हुआ था। गली सड़ी अवस्था में होने के कारण शव की शिनाख्त नहीं हो सकी और न ही कोई चोट के निशान प्रारंभिक तौर पर नजर आए। लेकिन हालातों को देखते हुए पुलिस ने हत्या का केस दर्ज किया था। शव को सरकारी अस्पताल में 72 घंटे के लिए रखवा कर पहचान के प्रयास किए गए। तमाम चौकी, थानों से गुमशुदा लोगों की डिटेल जुटाई, लेकिन पहचान नहीं हो सकी। निर्धारित 72 घंटे की समयावधि समाप्त होने के बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम करा दिया। मृतक की उम्र करीब 35 वर्ष आंकी गई है। वह कौन था, किसने और किन कारणों के चलते, कैसे उसे मौत के घाट उतारा, ये सवाल बरकरार हैं। पुलिस मामले में जांच कर रही है।

तीसरी पत्नी पर नशाखोर पति ने कैंची से किया हमला, मुश्किल से बची पत्नी की जान

अंबाला में नशेड़ी पति ने पत्नी पर कैंची से हमला कर दिया। पीड़िता आरोपी की तीसरी पत्नी है। व्यक्ति ने दूसरी पत्नी से बिना तलाक लिए शादी डॉट कॉम पर रिश्ता खोज कर तीसरी शादी की थी। वह नशा करने का आदी है। पत्नी ने सिर्फ शराब पीने से मना किया था। इतना सुनते ही उसने पत्नी पर कैंची से हमला बोल दिया। कैंची उसकी छाती के बाई तरफ लगी। आरोपी ने दोबारा फिर छाती पर वार किया। जब पड़ोसी इकट्ठे होने लगे तो पति जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी। पुलिस मामले में आरोपी पति की तलाश कर रही है।