Logo
हरियाणा के कुरुक्षेत्र में सीएम नायब सैनी ने कहा कि पिहोवा, कुरुक्षेत्र, लाड़वा के साथ-साथ हरिद्वार जाने वाले लाखों लोगों की पुरानी मांग को पूरा करते हुए पिहोवा से यमुनानगर तक सड़क को फोरलेन बनाया जाएगा। कुरुक्षेत्र और लाडवा में भी बाईपास बनाकर लोगों को ट्रैफिक जाम जैसी समस्या से निजात दिलाई जाएगी।

कुरुक्षेत्र: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि पिहोवा, कुरुक्षेत्र, लाड़वा के साथ-साथ हरिद्वार जाने वाले लाखों लोगों की पुरानी मांग को पूरा करते हुए पिहोवा से यमुनानगर तक सड़क को फोरलेन बनाया जाएगा। इसके साथ ही कुरुक्षेत्र और लाडवा में भी बाईपास बनाकर लोगों को ट्रैफिक जाम जैसी समस्या से निजात दिलाई जाएगी। प्रदेश में तेज गति के साथ कई हजार करोड़ रुपए की परियोजनाओं को अमलीजामा पहनाया जाएगा। सीएम कुरुक्षेत्र में कार्यकर्ताओं द्वारा आयोजित समारोह में बोल रहे थे।

कार्यकर्ताओं की मेहनत का मिला बेहतर परिणाम

सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत का ही परिणाम है कि भाजपा की प्रदेश में तीसरी बार सरकार बनी है। हमें मिलकर लाडवा को विकास की दृष्टि से बेहतर बनाना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में मेट्रो व लोकल ट्रेनों का विस्तार किया जाएगा ताकि लोगों को अपने आवागमन में आसानी हो। प्रदेश में जल्द ही ऐसी बहुत सी सड़क परियोजनाओं व अन्य परियोजनाओं को गति देने का काम किया जाएगा, जिससे इंफ्रास्ट्रक्चर बेहतर हो और लोगों को इन सुविधाओं का लाभ मिले। अधिकारियों को निर्देश दिए कि नागरिकों की जो भी समस्याएं एवं कार्य हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर करवाना सुनिश्चित किया जाए।

लाडवा की सड़कों को किया जाएगा दुरुस्त

नायब सिंह सैनी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लाडवा विधानसभा क्षेत्र के तहत जहां पर भी सड़कों से संबंधित पैच वर्क या सड़कों को दुरुस्त किया जाना है, उस कार्य को जल्द से जल्द करवाना सुनिश्चित करें। हर नागरिक की समस्या का समाधान करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और जनता के लिए 24 घंटे हमारे दरवाजे खुले रहेंगे। जैसे ही समय मिलेगा, वह लाडवा के हर वार्ड, गांव, मोहल्ले में जाकर जनता का यहां से कमल खिलाने के लिए धन्यवाद करेंगे।

5379487