kurukshetra Murder Case: कुरुक्षेत्र में एक युवक ने प्रेमिका की हत्या करने के बाद फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। दोनों के शव कुरुक्षेत्र के होटल से बरामद हुए हैं। शनिवार को जब दोनों होटल के कमरे से देर तक बाहर नहीं आए तो होटल के स्टाफ ने इसकी सूचना पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

होटल के कमरे से मिले शव

जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान 27 वर्षीय  कमलदीप सिंह के रूप में हुई है। वह पंजाब के गुमयारा गांव का रहने वाला है। मृतका अंबाला की रहने वाली थी। जिसकी उम्र करीब 23 साल है। मृतका कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से एमए कर रही थी। दरअसल दोनों ने शुक्रवार को कुरुक्षेत्र में नए बस अड्डे के समीप होटल में कमरा बुक किया था। कमरे में कोई हलचल न होने पर इसकी सूचना होटल कर्मियों ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने होटल के रिकॉर्ड से दोनों के घर का पता और फोन नंबर ले लिया।

चादर में लिपटा मिला शव

पुलिस ने इस बारे में परिजन को सूचित किया और मौके पर बुला लिया। पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में होटल का कमरा खुलवाया। कमरे में कमलदीप फंदे पर लटका मिला। लड़की का शव चादर में लिपटा हुआ था। लड़की के गले पर उंगलियों के निशान मिले हैं।

Also Read: सोनीपत में युवक पर हमला, बाजार जाते समय कार पर फेंकी ईंट, चाकू से हत्या करने की दी धमकी

पुलिस पूछताछ में मृतका के परिजन ने बताया कि उन्होंने उसके मोबाइल पर कईं बार कॉल भी की। लेकिन संपर्क नहीं हो सका। कुवि हॉस्टल में कॉल करके उन्होंने बेटी के बारे में पता किया तो  हॉस्टल वालों ने बताया कि वह हॉस्टल में मौजूद नहीं थी। फिलहाल पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में ले लिया है। आज पोस्टमार्टम करवाकर दोनों के शवों को परिजन को सौंप दिया जाएगा। पुलिस मामले की कार्रवाई कर रही है।