Logo
कुरूक्षेत्र में एक किशोरी से छह महीने के प्रीमैच्योर बेबी को जन्म दिया। जिसकी कुछ देर बाद ही मौत हो गई। वहीं नाबालिग लड़की हालत नाजुक बनी हुई है। जिसके चलते अस्पताल में उसका इलाज जारी है।

हरियाणा के कुरूक्षेत्र में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक किशोरी ने प्रीमैच्योर बेबी को जन्म दिया। जिसकी कुछ ही देर बाद मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पोस्को एक्ट में मामला दर्ज कर लिया है। वहीं डॉक्टरों ने डीएनए की जांच के लिए बच्चे की बाजू और जांघ की हड्डी से सैंपल लिया है। इसके बाद शव को परिजनों को सौंप दिया है। 

जानकारी के मुताबिक, यह मामला इस्माइलाबाद थाना क्षेत्र का है। यहां पिहोवा उपमंडल में एक पिता ने पुलिस को शिकायत दी है। उन्होंने बताया कि उनकी चार बेटियां और एक बेटा है। शनिवार दोपहर के बाद अचानक उनकी 15 साल बेटी की तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद परिजन बच्ची को आनन-फानन में गांव के ही सरकारी अस्पताल में लेकर पहुंचे।

जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि उनकी बेटी प्रेग्नेंट है। यह सुनकर परिजनों के पैरों तले से जमीन खिसक गई। वह जब तक इस सदमे को बर्दाश्त करते। तब तक किशोरी ने प्रीमैच्योर बेबी को जन्म दे दिया। इसके बाद डॉक्टरों ने मां-बच्चे की हालत को देखते हुए उन्हें कुरूक्षेत्र के LNJP अस्पताल में रेफर कर दिया। इसी दौरान प्रीमैच्योर बेबी की मौत हो गई। वहीं नाबालिग की हालत नाजुक बनी हुई है। उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। 

परिजनों ने जब अपनी बेटी से इस बारे में बात की तो उसने बताया कि अंबाला के मेहरा गांव के एक युवक ने उसके साथ गलत काम किया था। इस वजह से वह गर्भवती हो गई थी। डर की वजह से उसने यह बात किसी को नहीं बताई थी। फिलहाल, परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं प्रीमैच्योर बेबी के शव को परिजनों को सौंप दिया है। 

नाबालिग के पेट में 6 महीने का था बच्चा 

खबरों की मानें, तो इस मामले में फोरेंसिक विशेषज्ञ डॉ. नरेश सैनी ने बताया कि बच्ची के पेट में यह बच्चा करीब 6 महीने का था। समय से पहले जन्म होने की वजह से उसे बचाया नहीं जा सका। फिलहाल, डीएनए जांच के लिए बच्चे की बाजू और जांघ की हड्डी का सैंपल लिया है। यह बच्चा लड़का था। वहीं पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस मामले में नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। 

 

5379487