Logo
हरियाणा के अंबाला में एक युवती ने झज्जर के युवक पर दुष्कर्म करने व शादी के बाद घर से निकालने का आरोप लगाते हुए पुलिस में केस दर्ज करवाया। पुलिस मामले में जांच पड़ताल कर रही है।

Ambala: रोहतक पीजीआई में भाई के दिल का उपचार करवाने गई एक युवती को झज्जर के युवक ने अपने जाल में फंसा लिया। युवक ने पहले युवती से हमदर्दी जताई। फिर उससे दुष्कर्म किया। इसके बाद जेल जाने के डर से युवक ने युवती से शादी रचा ली। अब उसे धक्के देकर घर से निकाल दिया। युवती की शिकायत पर अब बलदेव नगर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ केस दर्ज किया। पुलिस मामले में आरोपी की तलाश कर रही है।

पीजीआई में हुई थी पीड़िता की आरोपी राहुल से मुलाकात 

अंबाला शहर के बलदेव नगर की रहने वाली युवती ने बताया कि उसका छोटा भाई दिल का मरीज है। पिता ऑटो चला कर परिवार का पालन पोषण करता है। अगस्त 2022 में उसके भाई को पीजीआई रोहतक में भर्ती कराया था। यहां उसकी मुलाकात झज्जर के राहुल चाहर से हुई। राहुल का पिता भी पीजीआई में दाखिल था। राहुल उसे सुबह-शाम मिलता रहा। उसे कहा कि कोई दवाई लानी हो तो मुझे बता देना। आरोपी ने एक-दो बार दवाई लाने में भी मदद की। उसकी राहुल से अच्छी जान पहचान हो गई। इलाज के बाद 15 नवंबर 2022 को उसके भाई को छुट्टी मिल गई।

भाई को छोड़ने के बहाने घर में की अश्लील हरकत 

पीड़िता ने बताया कि आरोपी राहुल रोहतक से उसके भाई को छोड़ने के लिए उनके घर अंबाला शहर तक आया। उस दिन उसके पिता काम पर गए हुए थे। यहां राहुल ने घर पर चाय-पानी पिया और उसे अकेले पाकर मौके का फायदा उठाते हुए पहले अश्लील हरकत की। उसने विरोध भी किया, लेकिन आरोपी ने उसकी मजबूरी का फायदा उठाकर बंद कमरे में शारीरिक संबंध बनाए। वह राहुल से छूटकर कमरे से बाहर आई। उसने अपने भाई को इसलिए यह बात नहीं बताई, क्योंकि वह दिल का मरीज था।

शादी करने का पीड़िता को दिया लालच 

पीड़िता ने बताया कि आरोपी राहुल ने उसे कहा कि यह बात किसी को नहीं बतानी। वह उससे शादी कर लेगा। उसी दिन राहुल उसके घर से चला गया। एक-दो दिन बाद राहुल ने उसके पास कॉल की। आरोपी ने अपने माता-पिता की बातचीत करवाई। परिजनों ने आश्वासन दिया कि उसकी शादी राहुल के साथ होगी। उसके बाद उसे राहुल पर विश्वास हो गया। राहुल ने उसे कई बार रोहतक बुलाया। यहां, एक होटल में शारीरिक संबंध बनाए। जबकि उसने राहुल को कहा था कि शादी से पहले शारीरिक संबंध ठीक नहीं लेकिन वह कहने लगा कि मेरी उम्र अभी 21 साल पूरी नहीं हुई। इस कारण हम कोर्ट मैरिज नहीं कर सकते।

लिव इन रिलेशनशिप के दस्तावेज करवाए तैयार 

पीड़िता ने बताया कि 26 नवंबर 2022 को राहुल ने लिव इन रिलेशनशिप के दस्तावेज तैयार करवा लिए।उस दौरान राहुल के पिता व उसकी माता भी मिले, जिन्होंने फिर से दोनों की शादी को लेकर सहमति जताई। उसके बाद राहुल ने उसे रोहतक में किराए के एक कमरे में रखा। यहां वे 3 माह रहे। उस दौरान राहुल ने किराए के कमरे पर ही पंडित को बुलाकर फेरे लिए। कुछ समय बाद राहुल उसे अपने साथ अपने गांव ले गया। यहां वो राहुल के साथ 7-8 माह पत्नी के तौर पर रही। इसके बाद राहुल व उसके माता-पिता ने उसे मारना-पीटना शुरू कर दिया। पिछले साल अक्टूबर में घर से निकाल दिया। पीड़िता ने आरोप लगाए कि राहुल ने उसके साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए। आरोपी शादी का झांसा देकर दुराचार करता रहा। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

5379487