नांगल चौधरी/नारनौल: सिरोही बहाली टोल प्लाजा पर अपराधिक वारदातों पर अंकुश नहीं लग पाया। वीरवार सुबह करीब 8:30 बजे शुल्क मांगने पर कार सवारों ने टोल कर्मचारी के मुंह पर फायर कर दिया। दूसरे कर्मी पर चाकूओं से हमला किया गया। दोनों पीड़ितों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करवाया गया। घायलों की स्थिति नाजुक होने पर चिकित्सकों ने पीड़ितों को प्राथमिक उपचार देकर हायर सेंटर रेफर कर दिया। दूसरी ओर पुलिस ने तत्परता पूर्वक कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपितों को गाड़ी समेत दबोच लिया। वारदात के बाद शहर में दहशत का माहौल बना हुआ है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।

टोल शुल्क मांगने पर किया था जानलेवा हमला

जानकारी अनुसार टोल पर फास्टैग सुविधा उपलब्ध है। निर्धारित सीमा में वाहन के प्रवेश करते ही स्केनर से पेमेंट रिसीव की जाती है। करीब 8:30 बजे नारनौल की तरफ से एक कार टोल पर पहुंची, जिस पर फास्टैग नहीं होने के कारण स्केनर से शुल्क अदायगी नहीं हुआ। कर्मचारियों ने बेरीकेट लगाकर वाहन चालक से शुल्क अदायगी करने को कहा। जिस पर कार सवार आग-बबूले हो गए। एक युवक नीचे उतरा व कर्मचारी पर लात व घूंसे बरसाने शुरू कर दिए। दूसरे युवक ने तेजधार हथियार से हमला किया, जिससे घायल होकर पीड़ित जमीन पर गिर गया। तीसरे युवक ने एक कर्मचारी के मुंह पर फायर कर दिया, गोली जबड़े के ऊपरी हिस्से पर गाल में लगी। वारदात को अंजाम देकर तीनों बदमाश कोटपूतली की तरफ भाग गए।

घायलों को अस्पताल में करवाया भर्ती

फायरिंग की आवाज सुनकर कार्यालय के कर्मचारी बूथ पर पहुंचे तथा घायलों को सीएचसी नांगल चौधरी में भर्ती करवाया गया। चेकअप के दौरान पीड़ित के मुंह पर गोली लगने की पुष्टि हुई, जिसके कई प्रमाण भी मिले हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने पीड़ितों के बयान कलमबंद किए। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज को खंगाला। नंबरों के आधार पर खोजबीन करना शुरू किया तथा दोपहर करीब 1:30 बजे गाड़ी तथा तीनों आरोपित पिस्टल समेत दबोच लिए। दूसरी ओर फायर में घायल एक युवक की हालात नाजुक बताई जा रही है, जिसे एक निजी अस्पताल के आईसीयू वार्ड में रखा गया है।

दोनों पक्षों में हुई मारपीट, टोल कर्मियों पर भी दर्ज होगा केस

थाना इंचार्ज रविंद्र कुमार ने बताया कि फायरिंग के आरोपितों ने नांगल चौधरी सीएचसी में एमएलआर कटवाई है। जिसके अनुसार गोलीबारी से पहले दोनों पक्षों में मारपीट हुई है। इसके बाद कार सवार एक युवक ने फायर किया है। सभी आरोपितों को हिरासत में ले लिया गया है। दूसरे पक्ष पर भी केस दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले की पूरी छानबीन के लिए टीम का गठन कर दिया है।