Logo
हरियाणा के हिसार में भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने कहा कि भाजपा कोई एक काम बता दे, जो दस साल में किया हो। जिस जगह पर कार्यक्रम करके भाजपा नेता कांग्रेस को कोसते हैं, वो संस्थान भी कांग्रेस का ही बनवाया हुआ होता है, क्योंकि इन्होंने खुद तो कुछ किया नहीं।

Hisar: हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं विपक्ष के नेता भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने कहा कि भाजपा कोई एक काम बता दे, जो दस साल में किया हो। जिस जगह पर कार्यक्रम करके भाजपा नेता कांग्रेस को कोसते हैं, वो संस्थान भी कांग्रेस का ही बनवाया हुआ होता है, क्योंकि इन्होंने खुद तो कुछ किया नहीं। भूपेन्द्र सिंह हुड्डा रविवार को पूर्व विधायक रामनिवास घोड़ेला के आवास पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हमने क्रीमिलेयर की सीमा आठ लाख की थी, जो भाजपा ने छह लाख कर दी, अब भाजपा ने इसे फिर से आठ लाख किया है। ऐसे में भाजपा जवाब दे कि उसका पहले वाला फैसला सही था या अब वाला सही है।

पिछड़ा वर्ग को उठाना पड़ा नुकसान

भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि भाजपा के इस फैसले से पिछड़ा वर्ग को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। कांग्रेस के सत्ता में आने पर क्रीमिलेयर की सीमा आठ से बढ़ाकर 10 लाख की जाएगी। आज हरियाणा नशे व अपराध का गढ़ बन चुका है। कांग्रेस के सत्ता में आने पर हमारा पहला काम नशे व अपराध पर रोक लगाना रहेगा। पहले भी अपने अपराधियों को चेताया था कि या तो वे अपराध छोड़ दे या फिर हरियाणा छोड़ दे। हमने अपराधियों का इलाज भी किया था। कांग्रेस के सत्ता में आने पर जो जनविरोधी पोर्टल है, वो बंद किए जाएंगे और खाली पड़े दो लाख पदों पर योग्य युवाओं की पक्की भर्ती की जाएगी।

बिप्लब देब पर किया हमला

भाजपा प्रदेश सह प्रभारी बिप्लब देब द्वारा कांग्रेस को मां-बेटे व बाप बेटे की पार्टी बताने पर पलटवार करते हुए भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस तो स्वतंत्रता सेनानियों की पार्टी है। उनके दादा व पिता स्वतंत्रता सेनानी रहे हैं, जिसका उन्हें गर्व है लेकिन भाजपा तो गुरु चेले की पार्टी है, जिसका कोई इतिहास नहीं। भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने कहा कि सत्ता मंश आने पर हुडा सेक्टरों की प्लॉट आबंटन प्रकिया सही की जाएगी ताकि हर प्लॉट जरूरतमंद व गरीब की पहुंच में हो। भाजपा सरकार ने आक्शन के जरिए इसे आम जनता की पहुंच से ही बाहर कर दिया।

प्रदेश में कोई सुरक्षित नहीं

भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने कहा कि प्रदेश में कोई भी सुरक्षित नहीं है। विधायकों से रंगदारी मांगी जा रही है, विधायकों पर पिस्तोल तानी जा रही है और सरकार का इस तरफ कोई ध्यान नहीं है। भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने कहा कि हिसार के जिस हवाई अड्डे के बारे में भाजपा शोर शराबा कर रही है, उसकी मंजूरी कांग्रेस ने ली थी। चौ. अजीत सिंह उस समय केन्द्र में मंत्री होते थे और उनसे इस हवाई अड्डे के विस्तारीकरण की मंजूरी ली थी, ये रिकॉर्ड की बात है। भूपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि सैलजा पार्टी की वरिष्ठ नेता व सांसद है। उनके कार्यक्रम करने से किसको आपत्ति है। वे पार्टी की वरिष्ठ नेता है और कांग्रेस का काम कर रही है।

5379487