Logo
BJP Candidate List : भारतीय जनता पार्टी ने हरियाणा विधानसभा चुनावों के लिए पहली लिस्ट जारी कर दी है। सीएम नायब सैनी लाडवा से तो कैप्टन अभिमन्यु नारनौंद सीट से चुनाव लड़ेंगे।

BJP Candidate List: हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी ने अपनी पहली लिस्ट जारी कर दी है। बुधवार शाम कई घंटों के मंथन के बाद भाजपा ने 67 उम्मीदवारों को मैदान में उतारा। सीएम नायब सिंह सैनी को लाडवा से टिकट दिया है। हरियाणा के पूर्व वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु को नारनौंद और अनिल विज को अंबाला सीट से उम्मीदवार बनाया है। भाजपा ने अरविंद शर्मा को गोहाना सीट से प्रत्याशी बनाया है। 

खास बात यह है कि बीजेपी में शामिल हुए जेजेपी के तीन पूर्व विधायकों को भी टिकट दिया है। देवेंद्र बबली को टोहाना, राजकुमार गौतम को सफीदों और अनूप धानक को उकलाना से टिकट दिया है। 

ये भी पढ़ें:  खांडाखेड़ी में बोले कैप्टल अभिमन्यु: चुनाव में जीत के लिए जी जान से जुट जाएं कार्यकर्ता, इस बार उठाएंगे रोजगार का खखाटा

इस लिस्ट में क्या है खास? 
बीजेपी ने लोकसभा चुनाव में रोहतक सीट से चुनाव लड़ चुके अरविंद शर्मा को गोहाना मैदान में उतारा है। वहीं मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी करनाल से नहीं बल्कि लाडवा से चुनाव लड़ेंगे जो कुरुक्षेत्र लोकसभा में आती है। बीजेपी ने करनाल से जगमोहन आनंद को प्रत्याशी बनाया है। बवानीखेड़ा से मौजूदा विधायक और राज्य मंत्री रहे बिशम्बर वाल्मीकि का टिकट कट गया है। तोशाम से श्रुति चौधरी को टिकट मिला है। अटेली से आरती राव को टिकट दिया है। आरती राव इंद्रजीत की बेटी हैं।

हरियाणा में कब होंगे चुनाव?
हरियाणा विधानसभा की 90 सीटों के लिए एक ही चरण में मतदान होना है। सभी 90 सीटों पर 5 अक्टूबर को मतदान होगा और चुनाव नतीजे 8 अक्टूबर को आएंगे। हरियाणा विधानसभा का कार्यकाल 3 नवंबर 2024 को समाप्त हो रहा है। इसके पहले वाला विधानसभा चुनाव अक्टूबर 2019 में हुआ था। चुनाव के बाद भारतीय जनता पार्टी और जननायक जनता पार्टी के गठबंधन ने राज्य सरकार बनाई थी। हरियाणा में भाजपा के पास 40, कांग्रेस के पास 31 और निर्दलीय/अन्य के पास 19 सीटें हैं। पहले चुनाव 1 अक्टूबर को होना था और 4 अक्टूबर को नतीजे आने थे, लेकिन त्योहारों के मद्देनजर चुनाव आयोग ने तारीख बदल दिया था। 

ये भी पढ़ें: हरियाणा विधानसभा चुनाव सर्वे: 53 फीसदी जनता इस पार्टी की चाहती है सरकार, 41 फीसदी महिलाओं ने सीएम भी चुन लिया

9 विधायकों का टिकट कटा, 2 की सीट बदली 
बीजेपी ने पहली लिस्ट में मौजूदा 9 विधायकों का टिकट काट दिया है। वहीं दो विधायकों की सीट बदल दी है। इनमें पलवल से दीपक मंगला, फरीदाबाद से नरेंद्र गुप्ता, गुरुग्राम से सुधीर सिंगला, बवानी खेड़ा से विशंभर वाल्मीकि, रनिया से कैबिनेट मंत्री रणजीत चौटाला ,अटेली से सीताराम यादव, पेहवा से पूर्व मंत्री संदीप सिंह , सोहना से राज्य मंत्री संजय सिंह तो वहीं रतिया से लक्ष्मण नापा की टिकट काट दिया गया है।

मौजूदा विधायक का बवानीखेड़ा से कटा पत्ता
बवानीखेड़ा से मौजूदा विधायक और राज्य मंत्री रहे बिशम्बर वाल्मीकि को टिकट नहीं मिला। बीजेपी ने तोशाम से श्रुति चौधरी को टिकट दिया है, जबकि अटेली से राव इंद्रजीत की बेटी आरती राव को टिकट दिया है।

ये भी पढ़ें:- हरियाणा विधानसभा चुनाव : उचाना से दुष्यंत चौटाला, जगाधरी से डॉ अशोक कश्यप लड़ेंगे चुनाव, JJP-ASP ने जारी की पहली लिस्ट

 

5379487