Logo
चंडीगढ़ से शिमला के बीच कई ऐसे रेस्टोरेंट हैं, जो हरियाणा से लेकर पंजाब और हिमाचल तक की पारंपरिक व्यंजन परोसते हैं। अगर आप भी चंडीगढ़ से वाया रोड शिमला जा रहे हैं, तो इन रेस्टोरेंट्स की विजिट कर सकते हैं।

Chandigarh to Shimla Best Restaurants: चंडीगढ़ से शिमला का रास्ता जहां अपने प्राकृतिक सौंदर्य की वजह से प्रसिद्ध है, वहीं अपने ढाबों और रेस्टोरेंट्स को लेकर भी फेमस है। यहां एक से बढ़कर एक ढाबे और रेस्तरां हैं, जहां आप पंजाबी और हरियाणवी व्यंजनों के साथ ही हिमाचली व्यंजनों का भी स्वाद ले सकते हैं। यही नहीं, नार्थ इंडियन और साउथ इंडियन के अलावा चाइनीज समेत मुगली व्यंजनों को परोसने में भी कई रेस्तरां खास महारत रखते हैं। यहां जानिये चंडीगढ़ से शिमला के बीच ऐसे फेमस रेस्तरां और ढाबों के बारे में, जहां आपको एक बार विजिट अवश्य करनी चाहिए।

चंडीगढ़ का पाल ढाबा (Pal Dhaba Chandigarh)

अगर आप चंडीगढ़ से शिमला की यात्रा शुरू करने जा रहे हैं, तो यात्रा शुरू करने से पहले आपको चंडीगढ़ के सेक्टर 28 डी स्थित पाल ढाबा की विजिट अवश्य करनी चाहिए। यहां की दाल मखनी और दाल तड़का का स्वाद लेने के लिए दूर-दूर से लोग पहुंचते हैं। इसके अलावा यहां की मक्की की रोटी और सरसों के साग का स्वाद चख लिया तो आप इसे जिंदगी भर नहीं भूल पाएंगे। नॉन वेज में बटर चिकन और कीमा कलेजी खास डिमांड में रहता है।

खास बात है कि यह ढाबा न केवल सामान्य लोगों की, बल्कि बॉलीवुड सेलिब्रिटीज की भी पहली पसंद बनी है। यहां ऋषि कपूर, राजेश खन्ना, रणबीर कपूर, नसरुद्दीन शाह समेत कई पंजाबी एक्टर और गायक भी विजिट कर चुके हैं। यहां खाने का औसत खर्चा 600 से 800 रुपये के बीच है। अगर कभी चंडीगढ़ आना हो तो यहां के व्यंजनों का स्वाद अवश्य चखियेगा।

राजा ढाबा, चंडीगढ़ रोड (Raja Dhaba, Chandigarh Road)

चंडीगढ़ से 50 किलोमीटर की दूरी पर राजा ढाबा भी अपने स्वादिष्ट व्यंजनों के लिए खासा फेमस है। यहां की काली दाल स्पेशल डिश है। इसके अलावा पाल ढाबे की तरह हर तरह के व्यंजन उपलब्ध हैं। अगर स्पेशियलिटी की बात की जाए तो यहां की चाट, दही भल्ले और राज कचौड़ी को खासा पसंद किया जाता है। इसके अलावा यहां की नॉन छोले की प्लेट को भी अवश्य ट्राई करना चाहिए। वादा है कि एक बाइट लेने के बाद आप इस पूरी प्लेट को चट किए बिना नहीं मानेंगे। यहां दो लोगों के खाने का औसत खर्च 500 से 700 रुपये के बीच है।

मुरथल में एक पराठा 15 मिनट में खा लिया तो इनाम में मिलेंगे एक लाख रुपये, जानिये कौन दे रहा ऑफर

ज्ञानी दा ढाबा, धरमपुर (Gyani Da Dhaba, Dharampur)

धरमपुर स्थित ज्ञानी ढाबा भी अपने स्वाद की वजह से पहचाना जाता है। यह नेशनल हाइवे 22 पर स्थित है। ज्ञानी ढाबा पिछले करीब 45 सालों से व्यंजन परोस रहा है। अगर आप चंडीगढ़ और शिमला के बीच किसी रेस्स्टोरेंट के बारे में पूछेंगे तो, 90 प्रतिशत लोग ज्ञानी ढाबा का नाम ही सुझाएंगे। चंडीगढ़ में रहने वाले लोग भी वीकेंड पर इनके व्यंजनों का स्वाद लेने धरमपुर पहुंचते हैं, विशेषकर बटर चिकन और ड्रिंक्स के लिए। राजमा चावल और कढ़ी पकोड़ा जैसी डिशेज के अलावा आलू पराठा और मिर्च पराठा भी खासी डिमांड में रहता है। यहां दो लोगों के खाने का औसत खर्चा 400 से 500 रुपये के बीच है।

हवेली धरमपुर (Haveli Dharampur)

चंडीगढ़ और शिमला के बीच धर्मपुर स्थित हवेली रेस्टोरेंट भी खाने पीने का अच्छा विकल्प है। इनके शेफ मलाई कोफ्ता, दही के कबाब, चिकन बिरयानी और बटर चिकन में ऐसा स्वाद घोलते हैं, जिसे शायद आपने पहले नहीं चखा होगा। खास बात है कि यह जगह अपने भव्य ग्रामीण शैली के वातावरण का अहसास दिलाता है। शिमला की यात्रा के दौरान पंजाबी व्यंजनों का असली स्वाद लेना है, तो आपको एक बार यहां की विजिट अवश्य करनी चाहिए। यहां दो लोगों के खाने का औसत खर्चा करीब एक हजार रुपये के आसपास है।

चंडीगढ़ के फेमस स्ट्रीट फूड के विदेशी भी दिवाने, हरियाणा और पंजाब के जायके का यहां लें लुत्फ

सैनी ढाबा, कालका रोड (Saini Dhaba, Kalka Road)

ओल्ड पिंजार-कालका रोड पर स्थित सैनी ढाबा भी खाने के लिए अच्छा विकल्प है। यहां की दाल मखनी, दाल तड़का समेत पंजाबी डिशेज की भरमार है। इसके अलावा यहां के पराठे भी सबसे ज्यादा ऑर्डर किए जाते हैं। इसी प्रकार, सिसवांबाड़ी रोड स्थित मित्रां दा ढाबा, एचपीटीडीसी होटल शिवालिक, जबली स्थित इशर स्वीट्स, परवाणु स्थित शर्मा ढाबा पर भी पर्यटकों की भीड़ लगी रहती है। अगर आप भी चंडीगढ़ से वाया रोड शिमला जा रहे हैं, तो इन जगहों पर आप स्वादिष्ट व्यंजनों का स्वाद ले सकते हैं।

शिमला में खाने पीने की फेमस जगह (Shimla Best Restaurants)

शिमला में भी खाने-पीने की कई फेमस दुकानें हैं। सुबह का नाश्ता हो या फिर डिनर, ज्यादातर पर्यटक चाय और पराठों की तलाश में रहते हैं। ऐसे में आपको शिमला की दो जगहों के बारे में बताने जा रहे हैं, जहां चाय और पराठा प्रेमियों की भीड़ लगी रहती है। शिमला से चार किलोमीटर की दूरी पर स्थित पप्पी दा ढाबा अपने स्वादिष्ट पराठों के अलावा उत्तर भारतीय व्यंजनों के लिए भी प्रसिद्ध है। अगर आप चाय का अनोखा स्वाद लेना चाहते हैं, तो आपको केवल दा ढाबा जाना चाहिए। यह जगह इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ स्टडीज के पास स्थित है। लिहाजा यहां हर वक्त स्टूडेंट्स की मौजूदगी रहती है।

5379487