Logo
कांग्रेस सरकार ने 10 साल में खराब फसलों का दिया था महज 1158 करोड़ रुपये मुआवजा, भाजपा ने 2014 से अब तक 9 वर्षों में 11 हजार करोड़ रुपए मुआवजे के सीधे किसानों के खाते में ट्रांसफर किए। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत हरियाणा के 29 लाख किसानों के खातों में 7612 करोड़ रुपए दिए।लोहारू विधानसभा क्षेत्र वासियों को 112 करोड़ रुपये की परियोजनाएं समर्पित की।

Chandigarh: हरियाणा के मुख्यमंत्री  मनोहर लाल ने पूर्व प्रधानमंत्री चौ. चरण सिंह किसानों के मसीहा थे तथा उन्होंने अपना पूरा जीवन किसान व गरीबों के कल्याण में लगा दिया। भाजपा की केंद्र व प्रदेश सरकार भी किसान हितैषी योजनाएं लागू कर उनके सपनों को साकार करने में लगी हुई हैं। जबकि कांग्रेस ने हमेशा किसानों को कमजोर किया तथा हमेशा गुमराह कर किसानों का अहित किया है। मुख्यमंत्री ने रविवार को चॉ. चरण सिंह की जयंती पर सिंघाना गांव में राष्ट्रीय किसान दिवस पर आयोजित अन्नदाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि 1982 से 84 तक जब उनका यहां आना होता था तो उस समय रास्‍तों पर रेत के पहाड़ उड़ कर आ जाते थे, लेकिन अब इस इलाके में टेल तक पानी पहुंचने, सूक्ष्म सिंचाई प्रणाली लागू होने से और यहां के किसानों की मेहनत के कारण इस इलाके की भूमि उपजाऊ हो गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने 2004 से 2014 तक 10 वर्षों में खराब फसलों के मुआवजे के रूप में 158 करोड़ रुपए दिए। भाजपा व गठबंधन सरकार 2014 से अब तक इन 9 वर्षों में 11 हजार करोड़ रुपए मुआवजा सीधे किसानों के खाते में पहुंचा चुकी है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत हरियाणा के 29 लाख किसानों के खातों में 7612 करोड़ रुपए इन 9 वर्षों के अंदर पहुंचाने का काम किया है। वर्ष 2014 से पहले प्रदेश में 33,507 हेक्टेयर भूमि ही सूक्ष्म सिंचाई के तहत आती थी, लेकिन मनोहर सरकार में आज 4,26,636 हेक्टेयर भूमि की सूक्ष्म सिंचाई प्रणाली से सिंचाई होती है।

 

20 साल कांग्रेस में रहे थे चरण सिंह
मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के बाद 20 साल तक चौ. चरण सिंह कांग्रेस सरकार में रहे। किसानों को कमजोर करने की नीति पर चलते हुए जब कांग्रेस ने किसानों को आगे नहीं बढ़ने दिया तो 1967 में कांग्रेस छोड़कर किसान हित में नई पार्टी बनाई। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि 1971 में एक बार  चौधरी चरण सिंह ने कहा था कि किसान जनगणना कराई जाए और जो छोटा व सीमांत किसान हैं, सभी योजनाएं उनके कल्याणार्थ बननी चाहिए। उस समय जो आकड़ा सामने आया था, उसके अनुसार छोटे किसान कुल किसानों का 51 प्रतिशत थे। आज छोटे किसानों की संख्या 51 प्रतिशत से बढ़कर 80 प्रतिशत से भी अधिक हो गई है। इसलिए यह बड़ी चुनौती है कि किसानों की आय कैसे बढ़ाई जाए। इसके लिए हम सभी को मिल कर खेती करने का स्वभाव बनाना होगा। इस दिशा में सरकार की ओर से भी अथक प्रयास किए जा रहे हैं।

 

किसानों के नाम पर हो रही राजनीति से रहे सावधान

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को जागरूक होकर आगे बढ़ना सीखना चाहिए। कुछ लोग किसानों के साथ राजनीति करते हैं, उनको पहचाने व  ऐसे लोगों से सावधान रहें। ऐसे लोग जो हर जगह जाकर किसानों का नाम लेकर धरना दते हैं, रास्ते रोकते हैं, इनसे सावधान रहना है। 

112 करोड़ की परियोजनाएं जनता को समर्पित

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने किसानों के कल्याण के लिए अनेक कार्य किए हैं। विकास कार्यों की दृष्टि से आज भी लोहारू विधानसभा क्षेत्र के लिए 112 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन किया गया। अभी तक के 9 साल के दौरान राज्य सरकार ने भिवानी जिले में विकासात्मक कार्यों के लिए 13,800 करोड़ रुपये मंजूर किये, जिसमें से 10,400 करोड़ रुपये खर्च किये जा चुके हैं और शेष परियोजनाएं पाइपलाइन में हैं। इतना ही नहीं, अकेले लोहारू विधानसभा क्षेत्र में 3927 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं, जिनमें से अभी 2421 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं और 1500 करोड़ रुपये के कार्य पाइपलाइन में हैं।



सरकार महिलाओं को दे रही ड्रोन का प्रशिक्षण

मुख्यमंत्री ने कहा कि आईटी के युग में अब कृषि क्षेत्र में नए सिस्टम खड़े किए जा रहे हैं। फसलों में यूरिया का छिड़काव करने के लिए किसानों को पीठ पर डब्बा बांधकर बहुत मेहनत करनी पड़ती थी। अब ड्रोन का उपयोग कर यूरिया का छिड़काव किया जा रहा है। 15 प्रतिशत किसान इस तकनीक का प्रयोग करने लगे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि जो महिलाएं खेतों में काम करती हैं, वे इस तकनीक का उपयोग अवश्य करें और इसलिए इस पहल को नमो ड्रोन दीदी नाम दिया गया है। ड्रोन दीदी कार्यक्रम के तहत महिलाओं को ड्रोन का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।


लोहारू, सिवानी और बहल में बाईपास तथा 100-100 एकड़ क्षेत्र में इंडस्ट्रियल पार्क किया जाए स्थापित

कृषि मंत्री जेपी दलाल की मांग पर मुख्यमंत्री ने लोहारू, सिवानी और बहल का बाईपास का निर्माण तथा सिवानी व लोहारू में 100-100 एकड़ क्षेत्र में इंडस्ट्रियल पार्क स्थापित करने की घोषणा की। कृषि मंत्री ने सीएम से क्षेत्र में केंद्र सरकार से बात करके ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे बनाने का प्रस्ताव केंद्र को भेजने की मांग भी की। इसके अलावा नायक समाज को एससी का दर्जा दिलवाने, चौ. चरण सिंहे नाम से किसान रत्न पुरस्कार शुरू करवाने की भी मांग रखी। 



किसानों को मजबूत कर रहे मनोहर-मोदी: नायब सैनी

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं कुरुक्षेत्र के सांसद नायब सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ऐसे मुख्यमंत्री हैं, जो किसान की चिंता करते हैं, किसानों की आय कैसे बढ़े, इस दिशा में प्रयास करते रहते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में केंद्र व प्रदेश सरकारें किसानों को मजबूती से आगे बढ़ाने का काम कर रही है। हरियाणा के किसानों को गन्ने का 386 रुपए प्रति क्विंटल गन्ने का भाव मनोहर सरकार दे रही है।
 

इन्होंने भी किया संबोधित

त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरियाणा प्रभारी बिप्लब देव, सांसद धर्मबीर सिंह, सांसद लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत) डीपी वत्स, सांसद रामचंद्र जांगड़ा, विधायक रामकुमार गौतम, विधायक घनश्याम सर्राफ, विधायक सोमबीर सांगवान, विधायक बिशम्बर वाल्मीकि इत्यादि ने संबोधित किया। 

5379487