Logo
हरियाणा के सीएम नायब सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत को आतंकवाद मुक्त किया है। भारत को विकास की गति पर आगे बढ़ाने का काम मोदी सरकार ने किया है। पिछले दस वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास का एक नया अध्याय लिखा गया है।

Haryana: मुख्यमंत्री बनने के बाद नायब सैनी पंचकूला में माता मनसा देवी के दर्शन करने पहुंचे। सीएम नायब सैनी ने माता के दर्शन कर आशीर्वाद लिया और प्रदेशवासियों के उज्जवल भविष्य, स्वस्थ जीवन व प्रदेश की उन्नति की कामना की। सीएम नायब सैनी ने हरियाणा में 10 की 10 लोकसभा सीटें जीतने का दावा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत को आतंकवाद मुक्त किया है। भारत को विकास की गति पर आगे बढ़ाने का काम मोदी सरकार ने किया है। प्रधानमंत्री मोदी ने विकसित भारत की नींव रखने का काम किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश का विकास तीव्र गति से हो रहा है। पिछले दस वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास का एक नया अध्याय लिखा गया है।

भाजपा ने योजनाबद्ध तरीके से गरीब व्यक्ति को जोड़ा

सीएम नायब सैनी ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में देश का गौरव और सम्मान बढ़ा है। दस वर्षों में योजनाबद्ध तरीके से गरीब व्यक्ति को समाज की मुख्य धारा से जोड़ा गया है। मोदी सरकार के 10 वर्षों के कामों का परिणाम है कि देश के 25 करोड़ से अधिक लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। मोदी सरकार ने योजनाबद्ध तरीके से हर वर्ग तक सरकार की योजनाओं को पहुंचाया। जनता का विश्वास मोदी सरकार में लगातार बढ़ रहा है। देश का गौरव भी विश्व पटल पर ऊंचा हुआ है। भाजपा की सरकार ने 11 करोड़ से ज्यादा इज्जत घर बनाकर महिलाओं को सम्मान दिया। इन 10 सालों में मोदी सरकार ने आयुष्मान कार्ड के जरिए गरीब लोगों को बीमारी की चिंता से मुक्ति दिलाई।

2047 तक भारत को बनाना है विकसित राष्ट्र

सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की सोच भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने की है। भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए देश के हर नागरिक को लोकसभा चुनाव में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभानी है। प्रदेश के पूर्व सीएम मनोहर लाल के नेतृत्व में हरियाणा मजबूती से आगे बढ़ा है और हम विकास की इस गति को तेज करेंगे। सीएम ने कहा कि 2019 के चुनाव में हरियाणा ने 10 की दस लोकसभा सीटें जीतकर मोदी के पास भेजी थी। अब फिर से और बढ़े हुए मार्जिन के साथ दसों सीटें जीतकर फिर से मोदी सरकार बनाने का काम करेंगे।

5379487