Nuh: फिरोजपुर झिरका थाना क्षेत्र अंतर्गत दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर गांव महू के समीप शुक्रवार रात करीब 2:30 बजे गो तस्करों और गोरक्षा दल के सदस्यों में मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में गोरक्षा दल का एक सदस्य गोली लगने से घायल हो गया। घायल सदस्य सोनू निवासी रेवाड़ी को गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई गई है। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और गायों से भरी गाड़ी व एक गोतस्कर को काबू किया।

अलवर से दिल्ली की तरफ जा रहे थे गोतस्कर

जानकारी अनुसार शुक्रवार रात को एक पिकअप गाड़ी में गोतस्कर तीन गायों को लेकर दिल्ली मुंबई एक्सप्रेस-वे से अलवर से दिल्ली की ओर जा रहे थे। अलवर राजसथान से गो रक्षकों की गाड़ी गोतस्करों का पीछा कर रही थी। गोरक्षकों ने बार-बार गोतस्करों को गाड़ी रोकने का इशारा किया, लेकिन उन्होंने गाड़ी को नहीं रोका। दिल्ली मुंबई एक्सप्रेसवे पर हरियाणा सीमा के फिरोजपुर झिरका थाना अतंर्गत गांव महू के पास बने पुल पर गाड़ी अनियंत्रित होकर टकरा गई। गौ रक्षकों ने जब गो तस्करों को पकड़ने का प्रयास किया, उसी दौरान गोतस्करों ने गोली चला दी। गोली एक गोरक्षक के पेट में लगी, जिसका नाम सोनू गांव रेवाड़ी है। पेट में गोली लगने से सोनू गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए गुरुग्राम के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया।

गायों से भरी पिकअप व एक तस्कर काबू

पुलिस ने गायों से भरी पिकअप और एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पिकअप से तीन गायों को बरामद करके गोशाला में भेज दिया। वहीं 2 गो तस्कर भागने में कामयाब हो गए। घटना के बाद पुलिस एक्शन मोड़ में है। घटना के बाद पुलिस के अधिकारियों ने क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है। डीएसपी सुरेंद्र सिंह का कहना है कि एक गोतस्कर कालू मनियपुर की ढाणी जिला दूधू का रहने वाला है। उसे गिरफ्तार कर लिया है। तीन-चार अन्य गोतस्करों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस की टीम अन्य गोतस्करों को पकड़ने के लिए दबिश दे रही है।