Logo
हरियाणा के नारनौल में कांग्रेस के अभियान के दौरान फिर से गुटबाजी नजर आई। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष के कार्यक्रम से किरण खेमे ने जहां दूरी बनाई, वहीं भीड़ की जगह केवल टिकटार्थी ही नजर आए।

Narnaul: कांग्रेस पार्टी की गुटबाजी किसी से छिपी नहीं है। जब हरियाणा कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष उदयभान चौधरी सोमवार को नारनौल पहुंचे तो एक बार फिर वही गुटबाजी दिखी। किरण खेमा ने प्रदेश अध्यक्ष के आगमन से पूरी तरह दूरियां बना ली। यही नहीं, भीड़ की दृष्टि से भी कार्यक्रम कामयाब नहीं रहा। यहां भीड़ कम टिकटार्थियों के चेहरे अधिक दिखाई दिए। अपने-अपने नेताजी के नारे लगाकर प्रदेश अध्यक्ष को अपनी ओर आकर्षित करने की होड वर्करों में दिखाई दी।

प्रदेशाध्यक्ष के आगमन पर जो भीड़ की उम्मीद थी, वह गायब रही

हरियाणा में कांग्रेस पार्टी ने घर-घर कांग्रेस, हर घर कांग्रेस अभियान शुरू किया। इसकी शुरूआत के लिए प्रदेश अध्यक्ष उदयभान सोमवार सुबह नारनौल पहुंचे। यहां पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में प्रदेश अध्यक्ष के जिस औहदे के हिसाब से भीड़ जुटनी चाहिए थी, वह नहीं थी। जो जिला की चार विधानसभा सीट पर दावेदारी जताकर टिकट लेने की मंशा रखे हुए है, वही हुड्डा गुट से जुड़े चेहरे नजर आए। अध्यक्ष के ईद-गिर्द नजदीकी फोटो खिंचवाते दिखाई दिए। जब मीडिया से रूबरू होने के लिए अलग से कमरे में आए तो मीडिया कर्मियों की ही कुर्सियों पर वर्करों ने कब्जा कर लिया। यहां आए अनेक नेताओं के वर्कर मीडिया कर्मियों से ही उलझते दिखाई दिए। बार-बार अध्यक्ष के कहने पर भी जब बात नहीं बनी तो आखिरकार अध्यक्ष को अंदर वाले कमरे में मीडिया कर्मियों को बुलाना पड़ा।

कभी भी हो सकती है संगठन की घोषणा 

सत्ता से 10 साल बाहर रहने के बाद भी कांग्रेस हरियाणा में संगठन नहीं खड़ा पाई, फिर लोकसभा या विधानसभा चुनाव किस बलबूते पर लड़ेगी, इस सवाल पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष उदयभान ने कहा कि सभी प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। कभी भी कांग्रेस आलाकमान की ओर से संगठन की सूचि जारी हो सकती है। लोकसभा व विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस पूरी तरह तैयार है। प्रदेश में बदलाव की लहर है और कांग्रेस पूरी मजबूती के साथ चुनावों में सरकार बनाने का दावा पेश करेगी।

5379487