Logo
दिल्ली की कमान एक बार फिर किसी हरियाणवी के हाथ में ही होगी। अंबाला की सुषमा स्वराज और हिसार के अरविंद केजरीवाल के बाद अब जुलाना की बेटी रेखा गुप्ता को भाजपा ने मुख्यमंत्री बनाना तय किया है। अरविंद केजरीवाल की तरह रेखा गुप्ता भी अग्रवाल समाज से हैं। ऐसे में दोनों संयोग है कि हरियाणा के अग्रवाल समाज के नेता को ही दिल्ली की सीएम बनाया जा रहा है।

delhi cm rekha gupta : दिल्ली में BJP  ने जैसे ही मुख्यमंत्री पद पर रेखा गुप्ता के नाम की घोषणा की तो हरियाणा में भी खुशी की लहर दौड़ गई। दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा के टिकट पर शालीमार बाग निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव जीतने वाली रेखा गुप्ता मूल रूप से जींद के जुलाना उपमंडल के नंदगढ़ गांव की रहने वाली हैं। इनके परिवार के लोग अभी भी जुलाना अनाजमंडी में आढ़त का काम करते हैं। रेखा गुप्ता भी समय-समय पर अपने गांव व जुलाना आती रहती हैं। ऐसे में यहां के ग्रामीण रेखा गुप्ता के सीएम बनने पर बड़ा गर्व महसूस कर रहे हैं। 

रेखा जब दो साल की थी तब परिवार दिल्ली शिफ्ट हुआ

परिवार के लोगों ने बताया कि रेखा गुप्ता का जन्म जुलाना के नंदगढ़ गांव में 1974 में हुआ था। जब वह दो साल की थीं तब उनके पिता जयभगवान गुप्ता की नौकरी दिल्ली में एसबीआई में मैनेजर के पद पर लगी। उनके दिल्ली जाने के बाद 1976 में पूरा परिवार दिल्ली शिफ्ट हो गया। रेखा गुप्ता ने दिल्ली से ही पूरी पढ़ाई की। उनके परिवार का गांव में आना-जाना लगा रहा। 

नंदगढ़ गांव और जुलाना में थी दुकान

ग्रामीणों ने बताया कि गुप्ता परिवार ने गांव वाला एक घर बेच दिया था। अब पुरानी हवेली की जगह खरीदार ने नया मकान बना लिया है। रेखा गुप्ता के रिश्ते में लगने वाले चाचा रमेश जिंदल ने बताया कि रेखा के दादा मनीराम जिंदल के तीन बेटे हुए। रेखा गुप्ता जयभगवान की बेटी हैं। दादा मनीराम की गांव में दुकान थी, जो बाद में जुलाना में आढ़त का काम करने लगे। 

दिल्ली विवि में छात्र संघ अध्यक्ष से सीएम तक का सफर

रेखा गुप्ता कॉलेज के समय से ही राजनीति में सक्रिय हो गई थीं। उन्होंने 1993 में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से राजनीति की शुरुआत की। 1996-1997 में दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ की अध्यक्ष बनीं। रेखा गुप्ता 2007 और 2012 में उत्तरी पीतमपुरा से निगम पार्षद निर्वाचित हुईं। इसके बाद 2022 में दिल्ली नगर निगम के मेयर पद के लिए भाजपा की ओर से इनका नाम सामने आया। वह भाजपा संगठन में भी कई अहम जिम्मेदारियां निभा चुकी हैं। पहली बार विधायक बनीं रेखा गुप्ता पर भाजपा ने भरोसा जताया और उन्हें सीएम बनाने का फैसला लिया।  

हरियाणा से सुषमा और केजरीवाल के बाद अब रेखा बनीं सीएम

भाजपा की तेज तर्रार नेता और अंबाला की बेटी सुषमा स्वराज को 1998 में भाजपा ने दिल्ली की मुख्यमंत्री बनाया था। हालांकि वे सिर्फ 52 दिन ही मुख्यमंत्री रही थीं। इसके बाद आम आदमी पार्टी सुप्रीमो व हिसार के अरविंद केजरीवाल 2013 से 24 के बीच में करीब 10 साल दिल्ली के मुख्यमंत्री रहे। 

यह भी पढ़ें : Delhi CM Oath Ceremony: दिल्ली में सीएम के शपथ ग्रहण समारोह के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, 25 हजार से ज्यादा जवान तैनात

हरियाणा के 6 और नेता भी दिल्ली में विधायक बने

हरियाणा के 10 नेताओं ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में किस्मत आजमाई थी। इनमें से छह को जीत हासिल हुई। राजौरी गार्डन विधानसभा सीट पर सिरसा के रहने वाले भाजपा उम्मीदवार मनजिंदर सिंह सिरसा 21 हजार वोट से जीते। दिल्ली छावनी विधानसभा सीट से झज्जर के गांव दूबलान के वीरेंद्र कादियान आप के टिकट पर चुनाव जीते। उत्तम नगर विधानसभा सीट से जींद जिले के नरवाना के रहने वाले पूर्व विधायक पवन शर्मा भी भाजपा के टिकट पर चुनाव जीते। आदर्श नगर विधानसभा सीट से हांसी के राजकुमार ने भाजपा को जीत दिलाई। शकूर बस्ती विधानसभा सीट से सोनीपत के करनैल सिंह भाजपा के टिकट पर जीत गए। त्रिनगर विधानसभा सीट पर सोनीपत के तिलक राज गुप्ता ने भाजपा को जीत दिलवाई।
 

5379487