Sirsa: बारिश के कारण बीती देर रात को इंदिरा विकास नगर में एक मकान की छत ढह गई। कच्ची छत का मलबा कमरे में सो रही महिला पर गिर गया, जिसके नीचे दबने से महिला की मौत हो गई। शुक्रवार दोपहर को मृतका के शव का पोस्टमार्टम सिविल अस्पताल में करवाया गया। महिला की मौत होने से उसके पति का रो रो कर बुरा हाल है। पीड़ित पति का कहना है कि वह बहुत गरीब है, प्रशासन को उसकी सहायता करनी चाहिए।

तेज बरसात के कारण ढही छत

जानकारी अनुसार इंद्र विकास नगर निवासी सुशील कुमार पेशे से पेंटर है। सुनील का कहना है कि उसके मकान की छत कच्ची थी। वीरवार को तेज बारिश आई। देर रात को कच्ची छत का एक हिस्सा ढह गया और उसका मलबा पत्नी सुमन के ऊपर आ गिरा। सुमन मलबे के नीचे दब गई। उसने अपनी पत्नी को मलबे से निकालने की काफी कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो पाया। इसके बाद उसने पड़ोसी कालू व बिट्टू को बुलाया। पड़ोसियों ने उसकी मदद करते हुए मलबे से सुमन को बाहर निकाला। इसके बाद एंबुलेंस के माध्यम से सुमन को हॉस्पिटल लाया गया, जहां डॉक्टर ने उसकी जांच कर मृत घोषित कर दिया।

गरीबी के कारण मकान की छत नहीं करवा सका पक्की

पीड़ित सुनील का कहना है कि उसकी 2 बेटियां व 2 बेटे हैं। दोनों बेटियों व एक बेटे की शादी हो चुकी है। वह बहुत गरीब है, इसलिए मकान की छत पक्की नहीं डाल सका। उसने व उसकी पत्नी ने मकान की छत पक्की डालने के लिए बीडीपीओ दफ्तर के काफी चक्कर लगाए, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई मदद नहीं मिली। अगर सरकार से उसे आर्थिक सहायता मिलती तो वह मकान की छत पक्की करवा लेता और आज उसकी पत्नी सुमन जिंदा होती। पुलिस का कहना है कि पति सुशील के बयान पर इत्तेफाकिया मौत की कार्रवाई की जा रही है।