रोहतक। पहाड़ों पर बर्फबारी और उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण हरियाणा में एक बार फिर मौसम ने करवट ली है। कुछ दिन पहले तक दिन में तेज धूप ने गर्मी का अहसास करवा दिया था, लेकिन अब फिर ठंडी हवाएं चल रही हैं। मौसम विभाग के अनुसार 12 फरवरी तक हरियाणा में मौसम आमतौर पर शुष्क रहने की संभावना है। वहीं, 8 और 9 फरवरी को कई जिलों में बादल छा सकते हैं और कुछ जगह बारिश हो सकती है। इससे दिन के तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की जा सकती है। उत्तर-पश्चिम भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसके कारण 8 से 12 फरवरी तक जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फबारी और बारिश होने से हरियाणा में भी मौसम बदलेगा।

सबसे कम तापमान सोनीपत और ज्यादा गुरुग्राम में रहा

तापमान की बात करें तो प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सोनीपत में दर्ज किया गया है। करनाल में तापमान 7.2, हिसार में 7.4, फतेहाबाद में 7.3 और सिरसा में 7.0 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से कम है। सबसे ज्यादा तापमान गुरुग्राम में 11.4 और फरीदाबाद में 10.2 रहा। 

10 फरवरी से ठंडी हवाएं चलने का अनुमान

एचएयू हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि 12 फरवरी तक हरियाणा में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। 8 और 9 फरवरी को हरियाणा के कई जिलों में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। इससे दिन के तापमान में मामूली गिरावट आ सकती है। वहीं, 10 से 12 फरवरी तक ठंडी हवाओं के कारण रात के तापमान में फिर से गिरावट की संभावना है। इन दिनों में कुछ जिलों में कोहरा छा सकता है।