किसानों और केंद्र सरकार की बैठक बेनतीजा : MSP की कानूनी गारंटी समेत कई मांगों को लेकर चल रहे किसान आंदोलन के बीच शुक्रवार को किसान प्रतिनिधियों और केंद्रीय खाद्य मंत्री प्रह्लाद जोशी के साथ चंडीगढ़ सेक्टर 26 में बैठक हुई। सायं 5 बजे शुरू हुई बैठक करीब तीन घंटे चली। वार्ता सकारात्मक बताई जा रही है।
केंद्रीय मंत्री की मौजूदगी में हुई बैठक में आमरण अनशन कर रहे किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल भी शामिल हुए। अगली बैठक 22 फरवरी को होगी। उम्मीद जताई जा रही है कि इस बैठक में केंद्रीय कृषिमंत्री शिवराज सिंह चौहान शामिल होंगे। मीटिंग में 28 किसान नेता मौजूद रहे। वहीं, जोशी के साथ पंजाब के कृषि मंत्री गुरमीत खुड्डियां और मंत्री लाल चंद कटारूचक्क रहे।
डल्लेवाल को एंबुलेंस से चंडीगढ़ लाया गया, आंदोलन जारी रहेगा
संयुक्त किसान मोर्चा (गैर राजनीतिक) के जगजीत सिंह डल्लेवाल ने कहा कि बैठक सकारात्मक रही। इसमें कई मुद्दों पर खुलकर चर्चा हुई। 28 किसानों के प्रतिनिधिमंडल की जगजीत सिंह डल्लेवाल और किसान मजदूर मोर्चा के सरवन पंधेर अगुवाई कर रहे थे। 81 दिन से खनौरी बॉर्डर पर अनशन कर रहे डल्लेवाल को एम्बुलेंस में चंडीगढ़ लाया गया। डॉक्टर उनकी सेहत पर कड़ी नजर रखे हुए थे। किसान नेता अभिमन्यु कोहाड़ ने कहा कि आंदोलन जारी रहेगा। 22 फरवरी को वार्ता के बाद अगला निर्णय लिया जाएगा।
केंद्र की योजनाओं की दी जानकारी : जोशी
केंद्रीय खाद्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि किसान नेताओं के साथ यह बैठक सकारात्मक माहौल में हुई। हमने किसानों को सरकार द्वारा चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं के बारे में बताया। अब अगली बैठक 22 फरवरी को कृषिमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ होगी।