Logo
प्रदेश में कोहरे ने अपने प्रचंड तेवर दिखाने शुरू कर दिए है। मौसम विभाग की तरफ से 11 जिलों में ठंड का रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, 8 जिलों में ऑरेंज अलर्ट व 3 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।

Haryana : प्रदेश के कुछ हिस्सों में दो दिन से ठंड अपने प्रचंड तेवर दिखा रही है, जिसके चलते ठंड का ट्रिपल अटैक देखने को मिल रहा है। ऐसे में कोल्ड-डे, कोहरे के साथ सर्द हवाएं चलने के कारण आमजन ठिठुरने के लिए मजबूर हो गया है। वहीं घने कोहरे के चलते सड़क पर वाहन धीमी गति से लाइट जलाकर चलने को मजबूर हो रहे है। ज्ञात रहे कि इस सीजन में 27 दिसंबर रात से घने कोहरे ने दस्तक दी थी, जिसके बाद से लगातार सुबह देर तक व रात को घना कोहरा छाया रहता है। जिससे एक तरफ जहां आमजन को परेशानी हो रही है, वही दूसरी ओर कोहरा व ओस से फसलों को लाभ होगा।

कोहरे की सफेद चादर में लिपटा प्रदेश

बता दें कि पिछले दो-तीन दिन से सघन कोहरा की सफेद चादर ने सम्पूर्ण इलाके को अपने आगोश में ले रखा है। जिसकी वजह से वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लग गए है। कोहरे के कारण सड़क पर वाहन रेंगने को मजबूर है। कुछ स्थानों पर कोहरे की वजह से दृश्यता 20-50 मीटर होने की वजह से आमजन को परेशानी हो रही है। मौसम विभाग की माने तो आने वाले दो दिनों तक ठंड व कोहरा छाया रहने की संभावना है।

प्रदेश में नारनौल रहा सबसे ठंडा

मौसम विशेषज्ञ डॉ. चन्द्रमाहेन ने बताया कि 30 दिसंबर को एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे सम्पूर्ण इलाके में एक बार फिर से मौसम में बदलाव, आंशिक बादलवाही व तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा। आने वाले नव वर्ष का स्वागत कड़ाके की ठंड से होगा। दो-तीन दिनों से कड़ाके की ठंड व कोहरा अपने रंग दिखा रहा है, जिसका असर देखने को मिल रहा है। शुक्रवार दोपहर बाद तक धूप नहीं निकली, जिसकी वजह से दिन के तापमान में गिरावट आई।

मौसम विभाग ने जारी किया रेड अलर्ट

भारतीय मौसम विभाग ने 30 दिसंबर के लिए प्रदेश के 11 जिलों अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल, सोनीपत, पानीपत, रोहतक, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, कैथल, जींद में सघन कोहरा छाया रहने की वजह से रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं महेंद्रगढ़ सहित आठ जिलों भिवानी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, चरखी दादरी, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद व यमुनानगर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि पंचकूला, मेवात, पलवल जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

5379487