Fatehabad: खरीफ फसलों की बिजाई का काम शुरू होते ही पानी की डिमांड बढ़ने लगती है। इस बार 28 सालों बाद तापमान 47 डिग्री के पार चल रहा है। ऐसे में धान की बिजाई के बाद पानी खेत में खड़ा रहना जरूरी है। इसके लिए सिंचाई विभाग ने 23 जून की रात से ग्रुप बी चलाने का फैसला किया है। 23 जून रात को ग्रुप बी की 40 नहरों में पानी आना शुरू हो जाएगा। इससे किसानों को 16-16 दिन पानी सिंचाई के लिए मिलेगा।

भाखड़ा डैम में पानी की स्तर अच्छा

पश्चिम विक्षोभ के सक्रिय रहने व ग्लेशियर पिघलने से भाखड़ा डैम में पानी का स्तर अच्छा है। नंगल स्थित गोबिंद सागर डैम में पानी की पर्याप्त उपलब्धता के चलते जिले में खरीफ की फसलों के लिए दो ग्रुप बना दिए गए हैं। इनमें से प्रत्येक ग्रुप को 16 दिन पानी मिलेगा, वहीं 16 दिन नहरें बंद रहेंगी। अब धान में पानी की डिमांड को देखते हुए जिले में 4 मार्च से बी ग्रुप की नहरों में सुचारू रूप से पानी की सप्लाई शुरू हो जाएगी, जो 16 दिन तक चलेंगी। फसलों के लिए कुल 3735 क्यूसिक पानी की आपूर्ति की जाएगी।

सिंचाई विभाग ने पर्याप्त पानी सप्लाई का किया प्रबंध

मिली जानकारी अनुसार दिसंबर के बाद अब तक पर्याप्त बरसात न होने के कारण पानी की जरूरत महसूस की जा रही है। हालांकि मौसम विभाग ने 19 जून रात से 21 जून तक बादलवाई की भविष्यवाणी कर रखी है लेकिन सिंचाई विभाग ने पर्याप्त पानी सप्लाई के भी प्रबंध किए हैं। 23 जून रात को बी ग्रुप की छोटी-बड़ी 40 नहरों, रजवाहों में पानी आना शुरू हो जाएगा। इसमें मुख्य रूप से भाखड़ा मुख्य लाइन के तहत आने वाली धनौरी फीडर, टोहाना डिस्ट्रीब्यूटरी, कालवान फीडर, धमतान रजवाहा, फतेहाबाद, समैण और पिरथला डिस्ट्रीब्यूटरी शामिल हैं। ऐसे ही भाखड़ा मुख्य ब्रांच के तहत पड़ने वाली रतिया ब्रांच, धारसूल डिस्ट्रीब्यूटरी, घग्गर डिस्ट्रीब्यूटरी, रतनगढ़ डिस्ट्रीब्यूटरी व बादलगढ़ डिस्ट्रीब्यूटरी के माइनर शामिल हैं।

इन नहरों में भी आएगा पानी

फतेहाबाद ब्रांच सिस्टम के तहत पड़ने वाली नहरें चितैण माइनर, गाजूवाला लिंक चैनल, गोरखपुर डिस्ट्रीब्यूटरी, पाबड़ा चैनल, दहमन डिस्ट्रीब्यूटरी, खजूरी माइनर, सिवानी माइनर, दहमन लिंक, न्यू खजूरी माइनर, न्यू साबरवास माइनर, सिद्धमुख फीडर, किशनगढ़ ब्रांच, न्यू मोहम्मदपुर डिस्ट्रीब्यूटरी, बड़ोपल लिंक माइनर, आदमपुर डिस्ट्रीब्यूटरी, धांगड़ माइनर, बीघड़, बनावाली, खेड़ी डिस्ट्रीब्यूटरी, सूलीखेड़ा, डिंग लिंक चैनल, गीगोरानी, बनमंदौरी, पीलीमंदौरी, शेरेवाली डिस्ट्रीब्यूटरी के अलावा नोहर फीडर की नहरें शामिल हैं। इन सभी में 3735 क्यूसिक पानी छोड़ा जाएगा। बता दें कि यहां भाखड़ा मुख्य ब्रांच पटियाला से चलकर बलियाला हैड तक आती है, जहां से जिले की नहरों में पानी आता है। यहीं से सिरसा व राजस्थान को भी पानी की सप्लाई दी जाती है।