Toll Tax: हरियाणा में वाहन चालकों के लिए राहत की खबर सामने आई है। प्रदेश के नूंह जिले में पुन्हाना-जुरहेड़ा रोड पर स्थित टोल प्लाजा पर लोगों को टोल टैक्स नहीं भरना पड़ेगा। 17 फरवरी को रात 12 बजे के बाद इस टोल प्लाजा को बंद कर दिया जाएगा। इससे हरियाणा के साथ-साथ एनसीआर के उन हजारों वाहन चालकों को भी फायदा होगा, जो आने-जाने के लिए इस रास्ते का इस्तेमाल करते हैं। बता दें कि मुख्यमंत्री नायब सैनी ने खुद इसकी घोषणा की थी।

टोल प्लाजा बंद करने के लिए निर्देश जारी

जिले की उपायुक्त (डीसी) विश्राम कुमार मीणा ने जानकारी देते हुए बताया कि सीएम नायब सैनी की घोषणा के तहत यह कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि इस टोल प्लाजा को मैसर्स ए.एस. मल्टीपर्पज सर्विसेज को 18 महीने की अवधि के लिए आवंटित कर दिया गया। अब इसकी अवधि 17 फरवरी को समाप्त होने जा रही है। डीसी ने आगे बताया कि इस टोल प्लाजा को बंद करने के लिए इंजीनियर-इन-चीफ, पीडब्ल्यूडी (बीएंडआर) की ओर से भी निर्देश जारी कर दिए गए हैं। इससे यह सुनिश्चित किया जाएगा कि तय तारीख के बाद किसी भी वाहन चालक से टोल टैक्स न वसूला जाए।

अन्य टोल प्लाजा को भी खत्म करने की मांग

पुन्हाना-जुरहेड़ा रोड पर टोल प्लाजा खत्म करने से हजारों वाहन चालकों राहत मिलेगी। बता दें कि नायब सैनी सरकार ने राज्य के कुछ जगहों पर टोल प्लाजा हटाने का ऐलान किया था। जिसके बाद अब इसे लागू किया जा रहा है। सरकार के इस फैसले के बाद उम्मीद है कि गुरुग्राम-फरीदाबाद और सोहना-बल्लभगढ़ रोड पर भी टोल टैक्स खत्म करने की मांग की जा रही है। लोगों का कहना है कि कई सालों से यहां पर टोल वसूला जा रहा है, जबकि रोड की हालत काफी खराब है।

ये भी पढ़ें: हरियाणा के स्कूलों में बंपर भर्ती : प्राइमरी स्कूलों में तैनात होंगे पार्टटाइम टीचर, बच्चों को सिखाएंगे संस्कार