भोपाल। सड़क पर तेज रफ्तार वाहन चलाने से लगातार हादसे हो रहे हैं। बावजूद लोग रफ्तार पर कंट्रोल नहीं कर रहे हैं। गुरुवार को रायसेन में तेज रफ्तार कार का कहर देखने को मिला। बेकाबू कार ने पहले बाइक सवार को टक्कर मारी। इसके बाद गुमठी पर चाय पी रहे लोगों को उड़ा दिया। फिर कार हाईवे से 20 फीट नीचे जा गिरी। दर्दनाक हादसे में दो लोगों के पैर कटकर अलग हो गए। हादसे में कुल 10 लोग घायल हुए हैं। घायलों को भोपाल रेफर किया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। 

छतरपुर जा रही कार की रफ्तार 100 से ज्यादा थी
जानकारी के अनुसार, कार में तीन लोग सवार थे। कार भोपाल से छतरपुर जा रही थी। कार की रफ्तार 100 से ज्यादा थी। रायसेन हाईवे पर कार अनियंत्रित हो गई। बेकाबू कार ने पहले पहले दो बाइक सवारों को टक्कर मारी। इसके बाद गुमठी पर चाय पी रहे लोगों को ठोक दिया। फिर कार हाईवे से 20 फीट की नीचे जाकर पलट गई। घटना में 10 लोग घायल हुए हैं। कई की हालत गंभीर है। भीषण हादसे में दो लोगों के पैर कटकर शरीर से अलग हो गए। 

दो बच्चे और चाय की गुमठी पर बैठे तीन लोग जख्मी 
जानकारी के मुताबिक, बाइक सवार रायसेन के रहने वाले हैं। पास में ही वेयर हाउस में मजदूरी करते हैं। कार की चपेट में आने से चाय दुकान पर बैठे महिला सहित तीन लोग घायल हो गए। घटना में दो बच्चे भी घायल हुए हैं। कार सवार तीनों की हालत गंभीर है। सभी को राजधानी भोपाल के अस्पताल में भर्ती किया है।