Bhind Road Accident: तिलक चढ़ाकर वापस लौट रहा परिवार हादसे का शिकार हो गया। रास्ते में लोडिंग पिकअप और ट्रैक्टर-ट्रॉली में जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई है। 10 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। दो की गंभीर हालत को देखते हुए ग्वालियर रेफर कर दिया है। भीषण एक्सीडेंट भिंड के उमरी थाना इलाके के अकोडा मोड़ के पास हुआ। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल 
मछंड गांव निवासी सतपाल सिंह जाटव अपनी बेटी का तिलक चढ़ाने भिंड आए थे। तिलक कार्यक्रम संपन्न होने के बाद सतपाल अपने परिजनों और रिश्तेदारों के साथ लोडिंग वाहन में सवार होकर अपने गांव वापस लौट रहे थे। उमरी थाना इलाके के अकोडा मोड़ के पास लोडिंग वाहन और ट्रैक्टर-ट्रॉली में टक्कर हो गई। लोडिंग वाहन में सवार 13 से ज्यादा लोग घायल हो गए।

पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया 
सूचना पर पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया। डॉक्टरों ने तीन को मृत घोषित कर दिया। दो गंभीर रूप से घायलों को ग्वालियर रेफर कर दिया गया है। बाकी लोगों का जिला चिकित्सालय में इलाज चल रहा है। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है। हादसा कैसे हुआ? मृतक कौन हैं? पुलिस जांच के बाद ही पता चलेगा।