Bhopal News in Brief, 14 February: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में सियासत, साहित्य और संस्कृति से जुड़ी रोजाना कई खबरें हमारे ध्यान में होती हैं। हरिभूमि के 'भोपाल टूडे न्यूज' सेगमेंट में भोपाल से जुड़ी हर गतिविधि का अपडेट आसान भाषा में मिलेगा। तो चलिए, समाचार की दुनिया में अपडेट रहें और भोपाल शहर की हर खबर से जानकारी को बढ़ाएं। 

भोपालवासियों के लिए जरूरी खबरें ; Bhopal Today Live

भोपाल के 50 से ज्यादा क्षेत्रों में आज गुल रहेगी बिजली
राजधानी भोपाल के 50 से ज्यादा क्षेत्रों में शुक्रवार को बिजली गुल रहेगी। इन इलाकों में निर्माण कार्यों और रखरखाव कार्यों के चलते शटडाउन रहेगा।साउथ एन्क्लेव, सेवॉय अपार्टमेंट, आकांक्षा अपार्टमेंट, दाना पानी, डीके गोल्ड और आसपास क्षेत्र में सुबह 9 से शाम 4 बजे तक बिजली गुल रहेगी। हेमू कॉलोनी, स्काई ड्रीम, बसंत विहार, रोहित नगर, स्टार एवेन्यू और आसपास क्षेत्र में सुबह 10 से सुबह 10:30 बजे तक और दोपहर 1 बजे से 1:30 बजे तक लाइट नहीं रहेगी। साकेत नगर, पंडित भीमसेन, जोशी अपार्टमेंट, रवींद्रनाथ टैगोर कॉम्प्लेक्स और आसपास क्षेत्र में सुबह 9 से सुबह 9:30 बजे तक और शाम 4 से शाम 4:30 बजे तक बिजली कटौती होगी। 

इन इलाकों में भी बिजली कटौती 
पुलिस वायरलेस, पुलिस आवास, पर्यटन भवन, गोमती कॉलोनी, अपेक्स बैंक प्रशिक्षण केंद्र, संजय कॉम्प्लेक्स, पीएंडटी कॉलोनी, सीआई होम्स, द्वारका पुरी, आईआईएफएम कॉलोनी, आकृति गार्डन, सह्याद्रि कॉलोनी और आसपास क्षेत्र सुबह 10 से शाम 5 बजे तक बिजली गुल रहेगी। औद्योगिक क्षेत्र गोविंदपुरा और आसपास क्षेत्र में सुबह 6 से सुबह 8 बजे तक बिजली गुल रहेगी। पटेल नगर, आनंद नगर, ईशान कॉम्प्लेक्स, पटेल नगर, रायसेन रोड और आसपास क्षेत्र में सुबह 10 से दोपहर 3 बजे तक बिजली गुल रहेगी। 

यहां भी गुल रहेगी बिजली 
राम नगर, एनईएस कॉलोनी, रामानंद नगर, जानकी नगर और आसपास क्षेत्र में सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक लाइट नहीं रहेगी। शिव अपार्टमेंट, राजीव रोजरी, ओम शिव नगर, विजय नगर, वल्लभ नगर, सुदिति अस्पताल और आसपास क्षेत्र में सुबह 10 से दोपहर 3 बजे तक बिजली गुल रहेगी। प्रियंका नगर, पुलिस हाउसिंग सोसायटी, राजवैध एच सेक्टर, मधुवन सिटी और आसपास क्षेत्र में सुबह 10:30 से दोपहर 3 बजे तक बिजली गुल रहेगी। 

प्रयागराज यात्रियों को लेकर आज रवाना होगी बस
राजधानी भोपाल के कोलार रोड स्थित एक संस्था के तत्वावधान में निःशुल्क प्रयागराज के दर्शन के लिए ले जाया जा रहा है। तीर्थयात्रियों को लेकर एक वॉल्वो बस रवाना होगी। संस्था के प्रमुख कुनाल भारद्वाज ने बताया कि शुक्रवार को कोलार रोड स्थित जेके अस्पताल के सामने से शाम छह बजे करीब 50 यात्रियों को निःशुल्क प्रयागराज ले जाया जा रहा है। इस बस को विधायक रामेश्वर शर्मा सहित कोलार के अनेक धर्मप्रेमी बंधु रवाना करेंगे। इस तीर्थयात्रा में जाने वाले सभी यात्रियों के आवागमन, रहने-खाने सहित अन्य व्यवस्थाएं संस्था द्वारा की जाएगी। सभी यात्रियों को जिम्मेदारी से ले जाया जा रहा है।

इसे भी पढ़ें: News in Brief, 14 February: मध्य प्रदेश [MP] की बड़ी खबरें एक साथ, एक क्लिक में पढ़ें

इंटरनेशनल आर्ट एग्जिबिशन-आई पेंट आज से
राजधानी भोपाल की रंगायन आर्ट गैलरी में 14 से 16 फरवरी तक इंटरनेशनल आर्ट एग्जिबिशन शो आई पेंट का आयोजन किया जा रहा हा। आर्ट फॉर कॉज की यह 50वीं इंटरनेशनल आर्ट एग्जिबिशन है। एग्जिबिशन को दोपहर 2 बजे से शाम 7 बजे तक देखा जा सकता है। इसका उद्घाटन 14 फरवरी को दोपहर 3:30 बजे होगा। एग्जिबिशन में भोपाल के आर्टिस्ट फैजन मतीन, देवीलाल पाटीदार, हिमांशु जोशी, लवीना कुमार, प्रतीक्षा भावसार, जेहरा कागजी भी भाग लेंगे। 16 फरवरी को यहां स्टूडेंट्स के लिए पेंटिंग कॉम्पटिशन भी होगा, जिसकी थीम है -से नो टू मोबाइल दैन व्हॉट? प्रतियोगिता 2 से 4 बजे तक होगी।

दास्तान-ए-मिर्जा गालिब का विमोचन कल
दास्तान-ए-मिर्जा गालिब उपन्यास का लोकार्पण समारोह 15 फरवरी को दुष्यंत संग्रहालय में किया जाएगा। सुरेश पटवा की इस कृति का लोकार्पण दोपहर 2 बजे होगा। मौके पर श्रोताओं को मिर्जा ग़ालिब के व्यक्तित्व के अनजाने पहलुओं से परिचित होने का मौका मिलेगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता महेश श्रीवास्तव करेंगे। मुख्य अतिथि मुकेश वर्मा होंगे। सारस्वत अतिथि के रूप में डॉ नुसरत मेहदी मौजूद होंगी। पुस्तक समीक्षा इकबाल मसूद करेंगे। कार्यक्रम का संचालन बद्र वास्ती करेंगे। 

पुलिस वाटर Sports प्रतियोगिता 17 से 21 फरवरी तक
राजधानी भोपाल की बड़ी झील में 17 से 21 फरवरी तक आयोजित होने वाली 24वीं अखिल भारतीय पुलिस वाटर Sports प्रतियोगिता में 23 यूनिटों की टीमों के 565 राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी अपना जौहर दिखाएंगे। 17 फरवरी को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रतियोगिता का शुभारंभ करेंगे। अखिल भारतीय पुलिस वाटर स्पोट्र्स कंट्रोल बोर्ड द्वारा प्रतियोगिता के आयोजन की जिम्मेदारी मध्य प्रदेश पुलिस को सौंपी गई है। मध्य प्रदेश पुलिस की मेजबानी में छठवीं बार इस प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है।

भोपाल ग्लोबल इन्वेस्टर में 24 और 25 फरवरी को 
मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में 24 और 25 फरवरी को ग्लोबल इन्वेस्टर समिट होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जीआईएस का शुभारंभ करेंगे। भव्य आयोजन मानव संग्रहालय परिसर में होगा। समिट (जीआईएस) में यूके, जर्मनी और जापान ही नहीं, बल्कि अमेरिका और चीन जैसे 61 देशों के निवेशक व बड़े औद्योगिक घरानों के प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। इसके लिए सरकार ने कई देशों के निवेशकों को निमंत्रण भेज दिया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव खुद यूके, जर्मनी व जापान जाकर वहां के निवेशकों को न्यौता दे चुके हैं। अब अन्य देशों के प्रमुखों को न्यौता देने राज्य के आइएएस अधिकारियों का दल जाएगा। ज्यादातर को न्यौता भेजा जा रहा है।

17 से 20 फरवरी तक बंद रहेगा वन विहार का एक नंबर गेट
राजधानी भोपाल के बड़े तालाब (बोट क्लब) पर 24वीं अखिल भारतीय वॉटर स्पोट्र्स चैम्पियनशिप का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता 17 से 21 फरवरी तक आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता के दौरान वन विहार राष्ट्रीय उद्यान का बोट क्लब की ओर स्थित प्रवेश द्वार क्रमांक-1, 17 से 20 फरवरी तक पर्यटकों के लिए बंद रहेगा। वन विहार के गेट क्रमांक-1 से सिर्फ पैदल पर्यटकों को ही प्रवेश दिया जाएगा। दो पहिया, चार पहिया व छ: पहिया वाहनों का प्रवेश और निकास गेट क्रमांक-1 से पूर्णत: प्रतिबंधित रहेगा। इस दौरान पर्यटकों के लिए वन विहार में भ्रमण के लिए आने-जाने के लिए सैर सपाटा की ओर स्थित प्रवेश द्वार क्रमांक-2 खुला रहेगा। 

कर्मचारियों की मांगों को लेकर धरना 16 को
भोपाल 51 सूत्रीय मांगों को लेकर MP अधिकारी-कर्मचारी संयुक्त मोर्चा भोपाल के आंबेडकर जयंती मैदान में धरना देगा। धरने में पूरे प्रदेश से बड़ी संख्या में कर्मचारी जुटेंगे। इसमें अनेक संगठनों के पदाधिकारी और कर्मचारी शामिल रहेंगे। विभिन्न कर्मचारी संगठनों द्वारा इसे लेकर गेट मीटिंग की जा रही है। इस धरने में निगम मंडल अधिकारी कर्मचारी समन्वय महासंघ के पदाधिकारी और निगम मंडल के अधिकारी, कर्मचारी भी शामिल होंगे। महासंघ के अजय श्रीवास्तव नीले और संयोजक अनिल वाजपेयी ने बताया कि धरने में शामिल होने के लिए लगातार कार्यालयों में गेट मीटिंग की जा रही है। इस धरने में निगम मंडल के सभी कर्मचारी शामिल रहेंगे।

न्यू मार्केट व्यापारी महासंघ के चुनाव पर हाईकोर्ट का स्टे
भोपाल के न्यू मार्केट व्यापारी महासंघ के चुनाव को लेकर हाईकोर्ट ने भोपाल कलेक्टर के आदेश को दो सप्ताह के लिए स्थगित कर दिया है। दो सप्ताह बाद कोर्ट इस मामले को सुनेगा तब तक स्थिति यथावत् रहेगी। दरअसल न्यू मार्केट व्यापारी महासंघ के चुनाव को लेकर व्यापारियों के एक धड़े ने कलेक्टर कोर्ट में कैविएट लगाई थी। इसके बाद दोनों धड़ों के व्यापारी हाईकोर्ट पहुंच गए। मामले में गुरुवार को सुनवाई हुई। इस मामले को देख रहे एडवोकेट श्री कृष्ण शर्मा ने बताया कि कलेक्टर के आदेश को दो सप्ताह के लिए स्थगित कर दिया है। 

भारत भवन का 43वां वर्षगांठ समारोह 20 तक चलेगा
भोपाल के भारत भवन में 43वां वर्षगांठ समारोह चल रहा है। 20 फरवरी तक चलने वाले वर्षगांठ समारोह में आज दोपहर 12 बजे से सिरेमिक, टेराकोटा, पीतल में सर्जक कलाकारों का कला शिविर लगेगा। शाम 6.30 बजे से करमागीतों और परधौनी गीतों की प्रस्तुति दी जाएगी। शाम 7 बजे से शसुनील पावगी का हवाईयन गिटार वादन। शाम 7.40 से कल्पना झोकरकर का शास्त्रीय गायन होगा।15 फरवरी को 6.30 बजे से मालवी बोली में कबीर गायन। शाम 7 बजे से शास्त्रीय गायन। शाम 7.40 से बारहबाजा की प्रस्तुति। 16 फरवरी को दोपहर 2 बजे भूमिका फिल्म का प्रदर्शन। शाम 6.30 बजे बसंत गीतों की प्रस्तुति। शाम 7 बजे रचना पाठ। 17, 18 और 19 फरवरी को भी कार्यक्रम होंगे। 20 फरवरी को समारोह का समापन होगा। अंतिम दिन शाम 6:30 बजे निमाड़ी, बयेली, मालवी और बुंदेली लोक संगीत की प्रस्तुतियां होंगी।