Lok Sabha Election 2024 : लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुटी भारतीय जनता पार्टी (BJP) की 11 जनवरी को सीहोर की एक होटल में अहम बैठक हुई। इसमें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रमुख पदाधिकारी भी शामिल हुए। मुख्यमंत्री मोहन यादव, पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान, भाजपा संसदीय बोर्ड के सदस्य सत्यनारायण जटिया, राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और संगठन महामंत्री हितानंद की मौजूदगी में कई अहम निर्णय लिए गए। 

BJP-RSS meeting in Sehore

भाजपा का फोकस प्रदेश की सभी 29 सीटों में जीत दर्ज करने में है। इसके लिए गुरुवार की बैठक में विशेष रणनीति बनाई गई है। हर सीट पर 50 फीसदी से अधिक वोट हासिल करने पर जोर दिया गया। फिलहाल, 22 जनवरी को अयोध्या में राम मंदिर के उद्घाटन और रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा समारोह को देशभर में उत्सव के तौर मनाया जाना है। 22 जनवरी के बाद दो माह तक यह महोत्सव मनाए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में पार्टी पदाधिकारियों के साथ सामाज के अन्य वर्गों को भी शामिल किया जाएगा। 

महोत्सव से जुड़ेंगे हर वर्ग के लोग 
राममंदिर महोत्सव के लिए मध्य प्रदेश में 7 क्लस्टर बनाकर सभी के प्रभारी नियुक्त किए जाएंगे। जिनके मार्गदर्शन में राम मंदिर महोत्सव के कार्यक्रम होंगें। इन कार्यक्रमों में हर वर्ग के लोगों को शामिल कर हर सीट से कम से कम 6000 श्रद्धालुओं को अयोध्या दर्शन कराया जाएगा। जो श्रद्धालु किराया नहीं उठा सकते उनका किराया भी चुकाने का निर्णय लिया गया है।