Burhanpur ruckus: मध्यप्रदेश के बुरहानपुर में बवाल हो गया। मंगलवार (18 मार्च) की रात सोशल मीडिया पर धार्मिक टिप्पणी को लेकर घमासान छिड़ गया। वर्ग विशेष के लोग विरोध में सड़कों पर उतर आए। स्थिति तनावपूर्ण हो गई। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने सख्ती बरती और बाजार को बंद कराया। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ धार्मिक भावनाएं भड़काने के आरोप में केस दर्ज किया।

जानिए पूरा मामला
मंगलवार की रात करीब 11 बजे लोहारमंडी निवासी एक युवक इंस्टाग्राम पर चैट कर रहा था। चैट के दौरान युवक ने एक अन्य युवक के साथ बातचीत में धार्मिक टिप्पणी की। टिप्पणी वायरल होने पर विवाद शुरू हो गया। कुछ देर बाद हालात बिगड़ गए। मामले की जानकारी फैलने पर वर्ग विशेष के लोग विरोध में सड़कों पर उतर आए। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची। 

पुलिस ने भीड़ को खदेड़ा 
पुलिस ने भीड़ को खदेड़कर स्थिति को नियंत्रण में लिया। बाजार को बंद कराया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धार्मिक भावनाएं भड़काने के आरोप में केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी युवक से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल, बुरहानपुर में तनाव कम हो गया है।

'अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति रखें'
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर हर्ष सिंह और एसपी देवेंद्र पाटीदार मौके पर पहुंचे।  एसपी ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। पुलिस कप्तान ने कहा कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। लोग अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखें।