MP NEWS: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उज्जैन को बड़ी सौगात दी। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने शिप्रा नदी के जल को निर्मल और स्वच्छ बनाने का संकल्प लिया है। अब कान्ह नदी का पानी शिप्रा में मिलने से रोका जाएगा। कान्ह क्लोज डक्ट परियोजना से अब कान्ह का दूषित जल मां शिप्रा के किसी भी तट पर नहीं मिलेगा।  

बता दें, CM डॉ मोहन यादव शनिवार को उज्जैन आए थे। उन्होंने ग्राम डेंडिया स्थित शनि मंदिर के पास 817 करोड़ की लागत से कान्ह क्लोज डक्ट परियोजना का भूमिपूजन तथा लोकार्पण किया। इसके साथ ही करीब 598.66 करोड़ की लागत से बनने वाली कान्ह क्लोज डक्ट परियोजना का भूमिपूजन किया। इसके अलावा करीब 217 करोड़ के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया गया। 

उज्जैन-जावरा मार्ग फोरलेन बनेगा
इस दौरान सीएम ने कहा कि 5 हजार करोड़ की लागत से उज्जैन-जावरा फोरलेन वाया नागदा का शीघ्र निर्माण पूरा किया जाएगा। वहीं उज्जैन-इन्दौर सिक्सलेन का शीघ्र भूमिपूजन होगा। वहीं 16 जून को पीएमश्री धार्मिक पर्यटन हेली सेवा का शुभारंभ किया जाएगा, जिसके माध्यम से श्रद्धालु कम समय में महाकालेश्वर, ओंकारेश्वर तीर्थ पर पहुंच सकेंगे। 

उज्जैन को 816 करोड़ रु. के विकास कार्यों की दी सौगात
सीएम द्वारा 816 करोड़ 69 लाख रुपये की लागत के कुल 41 विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण हुआ। जिनमें 598 करोड़ 66 लाख रुपए की लागत से कान्ह क्लोज डक्ट परियोजना का निर्माण, 38 करोड़ 50 लाख रुपए की लागत से दताना से नागझिरी मार्ग का निर्माण, 24 करोड़ 08 लाख रुपए की लागत से तराना में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का 100 बिस्तरीय सिविल अस्पताल भवन में उन्नयन/निर्माण, 21 करोड़ 07 लाख रुपए की लागत से तरण ताल से देवास रोड वाया कलेक्टोरेट एवं मंगलनाथ से चककमेड तक मार्ग निर्माण, 14 करोड़ 31 लाख रुपए की लागत से घटिया में नवीन शासकीय आईटीआई का निर्माण, 12 करोड़ 14 लाख रुपए की लागत से उज्जैन में 4 मार्गों का निर्माण, 9 करोड़ 82 लाख रुपए की लागत से सिंहस्थ अंतर्गत रत्नाखेड़ी, मंगरोला, चांदुखेड़ी, जलालखेड़ी, नागदा मार्ग का निर्माण, 9 करोड़ 53 लाख रुपए की लागत से जमालपुरा, कोकलाखेडी, नईखेडी सिलोदामोरी मार्ग का निर्माण, 7 करोड़ 62 लाख रुपए की लागत से चादमुख सिकंदरी गंगेडी ब्रजराज खेडी छायन मार्ग का निर्माण, 4 करोड़ रुपए की लागत से काल भैरव मंदिर पार्किंग बाउंड्रीवाल, शेड, रेलिंग आदि का निर्माण का भूमिपूजन किया।