Digvijay Singh: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह को लोकसभा चुनाव 2024 में करारी हार मिली है। मध्यप्रदेश में दो बार मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रह चुके दिग्विजय को अपने गृहजिले राजगढ़ से 1,42,141 वोटों से हार सामना करना पड़ा। बता दें कि राजगढ़ में उन्होंने 33 साल बाद चुनाव लड़ा था, लेकिन जनता ने नकार दिया। हार के बाद दिग्विजय सिंह ने पहली प्रतिक्रिया दी है। गुरुवार को उन्होंने X पर शिवमंगल सिंह ‘सुमन’ की कविता शेयर कर अपने दर्द को बयां किया है। 

142141 मतों से हारे दिग्विजय 
दिग्विजय सिंह की गिनती कांग्रेस के सीनियर नेताओं में होती है। वह संयुक्त मध्यप्रदेश (तब छत्तीसगढ़ अलग नहीं था)  के दो बार मुख्यमंत्री और दो बार प्रदेश अध्यक्ष रहे। केंद्र की राजनीति में बड़ा दखल रखते हैं। विधानसभा चुनाव से पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने की भी चर्चा थीं, लेकिन गृह जिले राजगढ़ से दो बार के सांसद रोडमल नागर से 142141 मतों के अंतर से चुनाव हार गए। राजनीतिक विश्लेषक इस हार का दिग्विजय की रणनीतिक हार मान रहे हैं। 

2019 के चुनाव में भोपाल से हारे थे दिग्विजय 
दिग्विजय सिंह 2019 को चुनाव भी हारे थे, लेकिन तब वह राजधानी भोपाल से चुनाव लड़े थे। भाजपा ने उनके खिलाफ साध्वी प्रज्ञा ठाकुर को उतारकर राष्ट्रवाद के मुद्दे पर वोट मांगे, लेकिन राजगढ़ दिग्विजय का गृह जिला है, उन्होंने अपनी सियासी पारी की शुरुआत राजगढ़ से की थी। जीवन का आखिरी चुनाव बताकर लोगों से भावनात्मक अपील भी की, 78 की उम्र में भी चुनाव प्रचार के दौरान रोजाना 25 किमी पैदल चलते रहे, लेकिन सफलता नहीं मिली।