मधुरिमा राजपाल, भोपाल। गौहर महल में आयोजित दीपोत्सव प्रदर्शनी इन दिनों शहर के लोगों के लिये विशेष आकर्षण का केन्द्र बनी हुई है। प्रदर्शनी में एक ओर जहां दीपावली के लिये विशेष दीयों का कलेक्शन प्रदर्शित किया गया है। वहीं घर को सजाने के लिये कलरफुल झूमर, वॉल हैंगिंग, पेंटिंग, बंधनवार आदि विशेष रूप से प्रदर्शित किये गये हैं। यही नहीं प्रदर्शनी में फेस्टिव सीजन को ध्यान में रखते हुए बाग, चंदेरी और महेश्वरी प्रिंट से तैयार सूट और साड़ियों का कलेक्शन भी महिलाओं और कॉलेज गोइंग गर्ल्स को खासा आकर्षित कर रहा है। 30 अक्टूबर तक चलने वाली इस प्रदर्शनी का आयोजन मध्यप्रदेश हस्तशिल्प एवं हाथकरघा विकास निगम की ओर से किया जा रहा है।

लकड़ी से तैयार बच्चों के खिलौनों ने लुभाया
प्रदर्शनी में बच्चों के लिये विशेष रूप से लकड़ी से तैयार खिलौनों का संग्रह प्रदर्शित किया गया है। यह सभी खिलौने प्रदेश के विभिन्न अंचलों से आये शिल्पियों द्वारा तैयार किया गया है जिन्हें काफी पसंद किया जा रहा है। चित्रकूट से आये कारीगर राजेन्द्र प्रसाद ने बताया कि खिलौनों पर उपयोग आने वाले कलर विशेषतौर पर छोटे बच्चों को ध्यान में रखकर तैयार किया जाता है।

ये भी पढ़ें: रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव: पतंजिल समूह लगाएगा फूड प्रोसेसिंग यूनिट, अदाणी और रिलायंस ग्रुप ने भी दिए निवेश के संकेत

रंग लगाने से पहले लकड़ी में लाख का प्रयोग करते हैं 
राजेन्द्र कहते हैं कि यह सभी खिलौने देवदार की लकड़ी से तैयार किये जाते हैं। खिलौनों में खाने वाले कलर उपयोग किये जाते हैं ताकि इन रंगों से बच्चों को किसी प्रकार का नुकसान न हो। राजेन्द्र ने बताया कि लकड़ी से खिलौने का ढांचा तैयार करने के बाद रंग मिलाने की एक लंबी प्रक्रिया है। रंग लगाने से पहले लकड़ी में लाख का प्रयोग करते हैं ताकि कलर अच्छे से चिपक सके और लाख बच्चों को किसी प्रकार का नुकसान नहीं पहुंचाती है। इसके बाद केवड़ा के पत्ते का उपयोग कर खिलौनों में फिनिशिंग लाने का काम करते हैं।