जबलपुर। अभिनेत्री नयनतारा सहित तमिल फिल्म अन्नपूर्णी की स्टार कास्ट पर जबलपुर के ओमती थाने में केस दर्ज किया गया है। शिकायत हिंदू सेवा परिषद ने दर्ज कराई है। कहा है कि फिल्म में लव जिहाद को दिखाया है। भगवान राम का भी अपमान किया गया। बता दें कि फिल्म अन्नापूर्णी 1 दिसंबर 2023 को रिलीज हुई थी। अब ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम की जा रही है। फिल्म में नयनतारा लीड रोल में हैं। फिल्म में उन्होंने मंदिर के पुजारी की बेटी अन्नापूर्णी का रोल प्ले किया है। शेफ बनने का सपना पूरा करने के लिए उन्हें नॉनवेज पकाते हुए दिखाया है।

हिंदू सेवा परिषद ने दर्ज कराया केस 
बता दें कि अन्नपूर्णी एक तमिल फिल्म है। फिल्म में नयनतारा के साथ ही अभिनेता जय और सत्यराज भी अहम भूमिकाओं में हैं। हिन्दू सेवा परिषद के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मंगलवार को ओमती थाने पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने फिल्म में धार्मिक भावना को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया। परिषद के प्रदेश अध्यक्ष अतुल जसवानी समेत अन्य ने ओमती थाना प्रभारी वीरेन्द्र सिंह पवार को एक ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन के जरिए ओटीटी प्लेटफार्म पर रिलीज हुई फिल्म अन्नपूर्णी के निर्देशक निर्माता और कलाकारों पर FIR दर्ज करने की मांग की गई। उसके बाद ओमती थाने की पुलिस ने जांच के बाद फिल्म के निर्माता-निर्देशक के साथ स्टार कास्ट के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 153 और 34 के तहत केस दर्ज किया है। FIR फिल्म निर्देशक नीलेश कृष्णा, अभिनेत्री नयनतारा, निर्माता जतिन सेठी, आर रविन्द्रन और पुनीत गोईका के अलावा सारिक पटेल और मोनिका शेरगिल के खिलाफ दर्ज की गई है। 

फिल्म में ऐसे दृश्य दिखाने का विरोध, इसलिए हुई एफआईआर 

  • फिल्म में दिखाया है कि एक्टर के दोस्त फरहान ने एक्ट्रेस का ब्रेनवास करके मांस कटवाया, क्योंकि उसका कहना है कि भगवान श्रीराम और माता सीता ने भी मांस खाया था।
  • एक्ट्रेस मंदिर नहीं जाकर फरहान के घर रमजान इफ्तार करने जाती है। लड़की के पिता संध्या आरती कर रहे हैं और दादी माला जप रही हैं। उनकी बेटी के मांस खाने और खिलाने का दृश्य आपस में जुड़े हुए हैं।
  • फिल्म में फरहान नाम के कलाकार ने भगवान श्रीराम, माता सीता और भगवान लक्ष्मण, शिव और भगवान मुरूगन भी जानवरों को काटकर पकाकर मांस खाया करते थे।
  • कलाकार ने प्रभु श्रीराम के वनवास के दौरान जंगलों में जानवरों को मारकर काटकर पकाकर खाने की बात कही है।
  • फिल्म में ब्राह्मण हिंदू लड़की के मुस्लिम धर्म के लिए प्रेरित करना और हमारे धार्मिक ग्रंथ जैसे रामायण पुराण और अन्य धार्मिक ग्रंथों का गलत तरीके से गलत तथ्यों के साथ भगवानों को अपमानित करना प्रदर्शित किया है।