Logo
असम के CM हिमंत बिस्वा ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा था कि राहुल जहां से भी गुजरते हैं, वहां कांग्रेस जनाधार खो देती है। हिमंत के बयान पर दिग्विजय सिंह ने पलटवार किया है। दिग्विजय ने कहा कि हिमंत बिस्वा अपना घर देखें, ज्यादा होशियार न बनें।

भोपाल। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के कांग्रेस नेता राहुल गांधी को लेकर दिए गए बयान पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने पलटवार किया है। पूर्व सीएम दिग्विजय ने कहा कि जब कुछ कहने को नहीं होता तब इस प्रकार की बात की जाती हैं। हिमंत बिस्वा सरमा खुद अपना घर देखें, इस मामले में ज्यादा होशियार न बनें। बता दें कि एक दिन पहले हिमंत बिस्वा सरमा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तंज कसते हुए उन्हें भारतीय जनता पार्टी (BJP) के लिए सबसे बड़ा स्टार प्रचारक बताया था। सरमा ने दावा किया कि राहुल गांधी जहां से भी गुजरते हैं, वहां कांग्रेस अपना जनाधार खो देती है। हिमंत बिस्वा के इस बयान पर एमपी के पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने पलटवार किया है। 

आचार्य कृष्णम हमारे अच्छे मित्र हैं, वो क्या कह रहे इस पर चर्चा करूंगा 
सोमवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने मीडिया से बातचीत की। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा है कि राहुल गांधी भाजपा के स्टार प्रचार हैं? जहां भी जाते हैं भाजपा जीत जाती है? मीडिया के इस सवाल पर दिग्विजय ने कहा कि देखिए ये आरोप जो उन पर लग रहा है, वो मुझे पर भी लगा है, सब लोगों पर लगता है। क्योंकि बात यह है कि जब कुछ कहने को नहीं रहता, तो इस प्रकार की बात करते हैं। हिमंत बिस्वा सरमा खुद अपना घर देखें, इस मामले में ज्यादा होशियार न बनें। आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा है कि इंडिया अलायंस अब खत्म हो चुकी है? जो कैप्टन थे नीतीश कुमार वो ही छोड़कर चले गए‍? इस सवाल पर दिग्विजय सिंह ने कहा कि आचार्य प्रमोद कृष्णम हमारे अच्छे मित्र हैं, सम्माननीय हैं। वो क्या कह रहे क्या नहीं, इस बारे में उनसे चर्चा करूंगा।  

 राहुल के कदम भाजपा के लिए सकारात्मक 
बता दें कि असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने एक दिन पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तंज कसा था। बिस्वा ने मीडिया से बातचीत में कहा था कि राहुल गांधी जहां से भी गुजरते हैं, वहां से कांग्रेस खत्म हो जाती है। वह निरुत्साही, अहंकारी हैं और उनमें नेतृत्व का कोई गुण नहीं है। राहुल के कदम बीजेपी के लिए हमेशा सकारात्मक साबित होते हैं। 
बीजेपी के लिए सबसे बड़े स्टार प्रचारक हैं।

असम में कांग्रेस के कई नेता भाजपा में शामिल हुए 
जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है जब राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा 18 से 25 जनवरी तक असम से गुजरी और इस दौरान दोनों नेताओं ने एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाए। इस बीच राज्य मुख्यालय पर एक कार्यक्रम में कांग्रेस के कई पूर्व नेता और पूर्व छात्र नेता सत्तारूढ़ बीजेपी में शामिल हुए थे।

5379487