Bhopal : अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आदर्श महिला हितैषी ग्राम पंचायत दिल्लौद, जनपद पंचायत बैरसिया, जिला भोपाल में महिला सभा एवं विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह दिन महिलाओं के अधिकारों, समानता और समाज में उनके योगदान को सम्मान देने के लिए मनाया जाता है। हर वर्ष 8 मार्च को महिलाओं के संघर्ष, बलिदान और उनकी अटूट शक्ति को सलाम करने के लिए अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाया जाता है। इस दिन का उद्देश्य महिलाओं के सम्मान, समानता और उनके अधिकारों को बढ़ावा देना है।

ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभा का आयोजन
हर साल की तरह इस वर्ष भी जिले की समस्त ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। जनपद पंचायत बैरसिया के अंतर्गत आदर्श महिला हितैषी ग्राम पंचायत दिल्लौद में भी यह सभा आयोजित की गई, जिसमें महिलाओं को उनके अधिकारों और समाज में उनकी भूमिका को लेकर जागरूक किया गया। इस अवसर पर महिलाओं को आगे बढ़ाने और आत्मनिर्भर बनाने हेतु आवश्यक जानकारी प्रदान की गई।

"अपनी बात, अपनी शक्ति" तर्ज पर महिला सभा
महिला एवं बालिका हितैषी पंचायत बनाने के लिए पंचायती राज मंत्रालय, भारत सरकार, ग्रामीण विकास एवं पंचायत राज विभाग, मध्यप्रदेश एवं यूएनएफपीए के तकनीकी सहयोग से मध्यप्रदेश के प्रत्येक जिले से एक एवं छतरपुर तथा राजगढ़ जिले से 15-15 चयनित 83 ग्राम पंचायतों में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

प्रोजेक्ट कॉर्डिनेटर यूएनएफपीए एवं मास्टर ट्रेनर अमृता सौरभ ने महिलाओं को प्रशिक्षण के दौरान बताया कि महिला सभा का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को अपने अधिकारों और हितों की बात रखने का अवसर प्रदान करना है। इस दौरान शिक्षा, पोषण, स्वास्थ्य, लिंग-आधारित भेदभाव और सामाजिक एवं राजनीतिक सशक्तिकरण जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

महिलाओं ने भी इस अवसर पर अधिक संख्या में उपस्थित होकर अपने विचार व्यक्त किए और प्रस्ताव पारित कराए। साथ ही, महिला एवं बालिका हितैषी पंचायत बनाने के लिए राज्य स्तर पर ईटीसी भोपाल में 5 और 6 मार्च को चयनित ग्राम पंचायतों के सरपंच एवं सचिव को प्रशिक्षण दिया गया, जिसकी जानकारी भी दी गई।

आभार प्रदर्शन
महिला सभा के दौरान ग्राम पंचायत की सरपंच रानी शैलेन्द्र भार्गव ने महिलाओं को पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर आत्मनिर्भर और सशक्त बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने महिलाओं से आग्रह किया कि वे अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहें और पंचायत स्तर पर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। सभा के अंत में उन्होंने सभी आगंतुकों एवं सहभागियों का आभार प्रकट किया।

विशिष्ट अतिथियों की रही उपस्थिति
महिला ग्रामसभा के अवसर पर जिला पंचायत भोपाल से श्री सुबेन्द्र यादव (DPM RGSA),अंकुर ठाकुर (DC RGSA), जनपद पंचायत बैरसिया से शशांक सक्सेना (BC RGSA), बृजेश राय, महिला एवं बाल विकास विभाग से ANM, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता/सहायिका, सरपंच श्रीमती रानी शैलेन्द्र भार्गव, पंचायत सचिव, GRS सहित अनेक ग्रामीणजन उपस्थित रहे।