Madhya Pradesh Today News Hindi: देश का दिल कहे जाने वाले एमपी की सियासी हलचल और प्रदेश की अनगिनत छोटी-बड़ी खबरें रोज़ाना हमारी ध्यान में होती हैं। हरिभूमि न्यूज के खास सेगमेंट 'एमपी की बड़ी खबरें' में आपको समाचार की दुनिया से जुड़ी हर गतिविधि का अपडेट आसान भाषा में मिलेगा। तो चलिए, समाचार की दुनिया में अपडेट रहें और एमपी की हर खबर से अपनी जानकारी को बढ़ाएं।

मध्य प्रदेश की ताजा खबरें; MP Live Update 

  • दिल्ली में रेल मंत्री से मिले सीएम मोहन यादव
    मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने आज रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से भेंट कर उज्जैन और दिल्ली के बीच वंदे भारत स्लीपर ट्रेन शुरू करने का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने बताया कि ओवरनाइट वंदे भारत स्लीपर ट्रेन शुरू होने से राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र से महाकाल की नगरी उज्जैन आने वाले तीर्थयात्रियों को महाकाल दर्शन में सुविधा होगी। 

  • मुख्यमंत्री की अनूठी पहल - दिल्ली में पहली बार हुआ "मध्यप्रदेश उत्सव" का आयोजन
    मुख्यमंत्री डॉ. यादव की पहल पर दिल्ली में पहली बार वृहद स्तर पर मध्यप्रदेश उत्सव का आयोजन किया गया है, जो 30 अगस्त से 2 सितंबर, 2024 तक चलेगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश सांस्कृतिक, ऐतिहासिक, पुरातात्विक, जनजातीय विरासत, पर्यटन, कला, रहन-सहन एवं विविध व्यंजन इत्यादि की दृष्टि से समृद्ध राज्य है।

    मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि देश के दिल (मध्यप्रदेश) की समृद्ध, सांस्कृतिक धरोहरों से दिल्ली एवं अन्य प्रदेश के लोगों को परिचित कराने के लिये देश की राजधानी में 4 दिवसीय "मध्यप्रदेश उत्सव" का अनूठा आयोजन किया गया है। मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को दिल्ली स्थित मध्यप्रदेश भवन में "मध्यप्रदेश उत्सव" का रंगारंग शुभारंभ कर यह बात कही।

  • पीसीसी दफ्तर की कैंटीन में लगी आग 
    भोपाल स्थित मध्य प्रदेश कांग्रेस कार्यालय की कैंटीन में आग लग गई। गुरुवार दोपहर अचानक गैस सिलेंडर का पाइप फटने और आगजनी की इस घटना से हड़कंप मच गया। इस दौरान कैंटीन में रखे तीन सिलेंडर भी आग की जद में आ गए। फिलहाल, नगर निगम की दमकल टीम ने आग पर काबू पा लिया है। कुछ महीने पूर्व ही पीसीसी में मां रेवा कैफे एंड रेस्टोरेंट कैंटीन शुरू हुई है। 
  • भोपाल क्राइम ब्रांच ने पकड़ा गांजा तस्कर 
    भोपाल क्राइम ब्रांच ने गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। गुरुवार को आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। वह सस्ते दाम में गांजा लाकर भोपाल में खपाता था। आरोपी से इस दौरान 11 किलो 64 ग्राम जब्त किया है। जिसकी कुल कीमत 2 लाख 20 हज़ार है। आरोपी के खिलाफ पहले से एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंचीबद्ध है। 
  • मालवा ऑक्सीजन प्लांट में ब्लास्ट, 4 कर्मचारी झुलसे
    मप्र के रतलाम स्थित मालवा ऑक्सीजन प्लांट में शुक्रवार तड़के ब्लास्ट हो गया। हादसे में 4 कर्मचारी झुलस गए हैं, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए इंदौर रेफर कर दिया है।  
  • दिल्ली में आज से मध्यप्रदेश उत्सव
    दिल्ली स्थित मध्य प्रदेश भवन में शुक्रवार से ‘मध्यप्रदेश उत्सव शुरू होगा। मुख्यमंत्री मोहन यादव कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। इस कार्यक्रम में मप्र की समृद्ध कला, पर्यटन, सांस्कृतिक विरासत, जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों का प्रदर्शन किया जाएगा। प्रदेश के विभिन्न अंचलों विंध्य, मालवा, महाकौशल और बुंदेलखंड के विशिष्ट व्यंजन परोसे जाएंगे। मध्यप्रदेश भवन में यह कार्यक्रम 30 अगस्त से 2 सितंबर तक चलेगा।  
  • युवा कांग्रेस करेगी CM हाउस का घेराव 
    मप्र युवा कांग्रेस के पदाधिकारी शुक्रवार को सीएम हाउस का घेराव करेंगे। दोपहर 12 बजे यूथ कांग्रेस के नेता पीसीसी पहुंचेंगे। यहां से मुख्यमंत्री निवास की तरफ कूच करेंगे। उनका यह प्रदर्शन बेरोजगारी समेत अन्य मुद्दों को लेकर है। जिसमें प्रदेशभर से यूथ कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल होंगे। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने पीएससी के आगे ही बेरिकेटिंग कर दी है।  
  • IATO का 39वां राष्ट्रीय सम्मेलन
    इंडियन एसोसिएशन ऑफ टूर ऑपरेटर्स (IATO) का 39वां राष्ट्रीय सम्मेलन शुक्रवार को राजधानी भोपाल में है। मुख्यमंत्री मोहन यादव इसका शुभारंभ करेंगे। यह कार्यक्रम पर्यटन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए किया जा रहा है। इससे अंतरराष्ट्रीय बाजारों में अनुभव आधारित पर्यटन का प्रचार-प्रसार होगा। मप्र के उज्जैन, दतिया और ओंकारेश्वर समेत अन्य प्रमुख स्थानों पर हर साल लाखों टूरिस्ट आते हैं।