भोपाल। मुख्यमंत्री मोहन यादव शनिवार को सागर पहुंचे। सीएम ने सागर में राज्य यूनिवर्सिटी खोलने की घोषणा करते हुए कहा कि इसका जून माह में ही सत्र शुरू हो जाएगा। इसे अस्थाई भवन में शुरू किया जाएगा। इसके अलावा सागर में उद्योगों की श्रृंखला भी शुरू की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने हमें एक बार फिर दिवाली मनाने का मौका दिया है। 22 जनवरी का दिन इतिहास में अमर और अमिट होने जा रहा है। इसलिए हम सभी संकल्प करें कि भगवान श्रीराम की प्राण-प्रतिष्ठा के दिन हम सब दीपावली मनाएंगे और आनंद में सम्मिलित होंगे।   

डेढ़ किमी लंबी यात्रा में मोहन का जोरदार स्वागत 
इससे पहले सीएम ने शनिवार को जन आभार यात्रा निकाली। डेढ़ किमी लंबी यात्रा में मोहन यादव ने तलवार लहराई और गदा घुमाया। यात्रा का जगह-जगह भव्य स्वागत हुआ। पुलिस लाइन गेट से शुरू होकर यात्रा विवेकानंद चौराहा, जिला पंचायत चौराहा, चर्च चौराहा, लाल स्कूल, झंडा चौक, काली तिराहा होते हुए एमएलबी तिराहा पहुंची। यात्रा के दौरान मार्ग में जगह-जगह मुख्यमंत्री का बुंदेली परंपरा और संस्कृति के अनुरूप स्वागत किया गया। 

सीएम मोहन ने विकास कार्यों का किया लोकार्पण
मुख्यमंत्री मोहन ने सागर जिले के 62.03 करोड़ रुपए की लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इसके अलावा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा निर्मित किए जाने वाले 10.94 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। 

छात्र-छात्राओं ने सीएम का जताया आभार 
सीएम राइज स्कूल, शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के छात्र-छात्राओ ने उन्हें लाउड स्पीकर प्रतिबंधित करने पर सीएम मोहन यादव का आभार व्यक्त किया। जैन समाज सहित अन्य सामाजिक संगठन ने खुले में मांस और अंडा के विक्रय पर प्रतिबंध लगाने के लिए धन्यवाद दिया। जन आभार यात्रा में उनके साथ खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, सांसद विष्णु दत्त शर्मा, सांसद राज बहादुर सिंह, विधायक गोपाल भार्गव, विधायक शैलेंद्र जैन, गौरव सिरोठिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि शामिल थे।