MP Weather: मध्यप्रदेश में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। दिन में ठंडी हवाएं चल रही हैं, जबकि रातें ठंडी हो गई हैं। शुक्रवार-शनिवार की रात भोपाल और ग्वालियर संभाग में तापमान में 3 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, अगले दो दिन यानी रविवार और सोमवार को तापमान में 2 से 3 डिग्री की और गिरावट आ सकती है।

दिन में धूप, लेकिन ठंडी हवाओं से राहत नहीं
शनिवार को मौसम में बदलाव साफ देखा गया। तेज धूप निकलने के बावजूद, ठंडी हवाओं के कारण तापमान ज्यादा महसूस नहीं हुआ। राजधानी भोपाल में हवा की रफ्तार 8 से 10 किमी प्रति घंटा रही, जिससे दिन में हल्की ठंडक बनी रही। इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर और जबलपुर समेत अन्य शहरों में भी मौसम ठंडा रहा।

किन शहरों में गिरी सबसे ज्यादा ठंड?
मौसम विभाग के अनुसार, भोपाल का न्यूनतम तापमान 12 डिग्री दर्ज किया गया। ग्वालियर में यह 14.7 डिग्री, इंदौर में 16 डिग्री, उज्जैन में 13 डिग्री और जबलपुर में 14.2 डिग्री तक रहा। इसके अलावा धार, गुना, खरगोन, रतलाम, राजगढ़, मंडला, रीवा, सागर, सिवनी, टीकमगढ़ और बालाघाट में भी तापमान में गिरावट दर्ज की गई।

मौसम बदलने की वजह क्या है?
मौसम वैज्ञानिक प्रमेंद्र कुमार रैकवार के मुताबिक, वर्तमान में दक्षिण पाकिस्तान और राजस्थान के ऊपर एक साइक्लोनिक सकुर्लेशन सिस्टम बना हुआ है। साथ ही, उत्तर भारत में वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) सक्रिय है। इस कारण मध्यप्रदेश में मौसम बदल रहा है। 24 फरवरी को उत्तर-पश्चिम भारत में एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे प्रदेश में फिर से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा।

फरवरी के अंत तक ऐसा ही रहेगा मौसम
फरवरी में अक्सर कई वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होते हैं, जिसके चलते तापमान में उतार-चढ़ाव होता रहता है। इस बार भी ऐसा ही हो रहा है। हालांकि, अभी प्रदेश में बारिश की कोई संभावना नहीं है, लेकिन रातें ठंडी बनी रहेंगी और दिन में हल्की गर्माहट रहेगी।