भोपाल। मध्यप्रदेश में मौसम का पारा बढ़ रहा है। ठंड कम हो गई है। पिछले 24 घंटे में एमपी के 32 जिलों में रात का पारा 1 से 5.5 डिग्री तक बढ़ा है। 27 जिलों में दिन का पारा 3.4 डिग्री तक बढ़ा है। सिर्फ तीन शहरों में सुबह हल्का कोहरा रहा। ऐसा इसलिए हुआ है क्योंकि वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) के कारण मध्यप्रदेश में हवा का रुख बदल गया है। इसलिए दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। बता दें कि 25 जिलों में रात का पारा 10 डिग्री से ऊपर चल गया है। 15 जिलों में अधिकतम तापमान भी 28 डिग्री से ज्यादा हो गया है। जबिक तीन दिन पहले प्रदेश के 27 जिलों में पारा 8 डिग्री से नीचे चल रहा था। अब लोगों को गर्मी महसूस होने लगी है। 

अगले दो दिन तापमान में बढ़ोतरी की संभावना कम  
मौसम वैज्ञानिक के मुताबिक, दो दिन तक अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी की संभावना नहीं है। दूसरी ओर, वेस्टर्न डिस्टरबेंस की वजह से जबलपुर संभाग में हल्की बूंदाबांदी के आसार हैं। वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) के कारण मध्यप्रदेश में हवा का रुख बदल गया है। इससे ज्यादातर शहरों में दिन-रात के टेम्प्रेचर में बढ़ोतरी हुई है।

इन जिलों में रात का तापमान सबसे कम 

जिला  न्यूनतम 
खजुराहो 7.0
रीवा 8.0
दतिया 8.2
पचमढ़ी 8.4
राजगढ़  9.8

इन जिलों में दिन का पारा सबसे कम 

जिला अधिकतम 
पचमढ़ी 24.0
रीवा 24.4
छिंदवाड़ा 24.6
दतिया  25.4
नरसिंहपुर 26

खंडवा में सबसे ज्यादा 30.5 डिग्री रहा दिन का पारा 
खंडवा में अधिकतम तापमान सबसे ज्यादा 30.5 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं सागर में न्यूनतम तापमान सबसे ज्यादा 14.3 डिग्री रेकॉर्ड किया गया। नर्मदापुरम में भी रात का पारा 14.2 डिग्री रहा। बड़े शहरों पर नजर डालें तो इंदौर में अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री, भोपाल में 28.3 डिग्री, जबलपुर में 27.6 डिग्री और उज्जैन में 28.5 डिग्री दर्ज किया गया। सिवनी, टीकमगढ़, नर्मदापुरम, उमरिया, बैतूल, मंडला, धार, खरगोन, दमोह, रतलाम और खंडवा में अधिकतम पारा 28 से 30.5 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया।