Logo
अयोध्या में भगवान श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा 22 जनवरी को होगी। भोपाल भी आयोजन के इस उत्साह का साक्षी बनेगा। इस ऐतिहासिक पल की यादें MP की राजधानी से भी जुड़ेंगी। भोपाल के इन मंदिरों में कल आस्था का सैलाब उमड़ेगा। श्रीराम धुन पर लोग थिरकेंगे।

भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी में भी श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा की धूम रहेगी। 22 जनवरी को अयोध्या में राममला विराजमान होंगे और ठीक कुछ देर बाद भोपाल के कई मंदिरों में भव्य आयोजन और भगवान श्रीराम की विधि विधान से प्राण प्रतिष्ठा होगी। इस ऐतिहासिक पल की यादें भोपाल के मंदिरों से भी जुडेंगी। भोपाल कई मंदिरों में आयोजन शुरू हो गए हैं।आनंद नगर राम मंदिर, प्रियंका नगर, बावड़िया कला, करोंद सहित अन्य स्थानों पर राम मंदिर बनकर तैयार हैं। सोमवार को भगवान विराजमान होंगे। बावड़िया कला स्थित श्री सिद्ध हनुमान मंदिर में रामचरितमानस का होगा गायन होगा।

सिद्ध हनुमान मंदिर में गूंजेगी श्रीराम धुन, श्री रामचरितमानस का होगा गायन 
श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा का उत्साह भोपाल के बावड़िया कला स्थित श्री सिद्ध हनुमान मंदिर में भी जमकर देखने को मिल रहा है। 22 जनवरी को मंदिर में कई भव्य आयोजन होंगे। हवन, भूजन के साथ लोगों को प्रसादी बांटी जाएगी। समाजसेवी पंडित राम शुक्ला और अन्य लोगों ने मिलकर मंदिर की साफ-सफाई की। मंदिर को सजाया। पंडित राम शुक्ला ने बताया कि मंदिर में 22 जनवरी को विधि विधान से पूजा-अर्चना होगी। जिस समय अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा होगी, ठीक उसी समय सिद्ध हनुमान मंदिर में भी भगवान श्रीराम की आरती होगी, सभी मिलकर भगवान श्रीराम का सुमिरन करेंगे। श्री रामचरितमानस का गायन भी किया जाएगा।  

Siddha Hanuman Temple
समाजसेवी पंडित राम शुक्ला सहित अन्य लोगों ने मिलकर पूरे मंदिर की साफ-सफाई और साज-सज्जा की।

करोंद: कल भगवान राम का नगर भ्रमण होगा 
बैरसिया रोड कपिला नगर करोंद के संकट मोचन हनुमान मंदिर में राम दरबार की प्राण प्रतिष्ठा होगी। इसके लिए आकर्षक प्रतिमा लाई गई है। प्राण प्रतिष्ठा समारोह शुभारंभ हो चुका है। 21 जनवरी को भगवान का नगर भ्रमण होगा और 22 जनवरी को विधि विधान के साथ मंदिर में प्रतिमाओं की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी।

कोलार: आज ध्वजारोहण होगा 
खेड़ापति मारुति नंदन हनुमान मंदिर में 22 जनवरी को श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा होगी। मंदिर में भजन, कीर्तन, संगीतमय सुंदरकांड आदि का आयोजन चल रहा है। आज मंदिर में ध्वजारोहण होगा और राजाराम का नगर भ्रमण होगा। कलश यात्रा निकाली जाएगी। 21 को अभिषेक, हवन और 22 जनवरी को राम दरबार की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी।

आनंद नगर: 11 हजार कलशों के साथ यात्रा निकाली जाएगी
आनंद नगर में राम मंदिर की सौगात शहरवासियों को मिलने जा रही है। मंदिर बनकर तैयार है। 22 जनवरी को इसका शुभारंभ होगा। ढाई करोड़ से बना यह शहर का प्रमुख राम मंदिर है। साढ़े चार साल से निर्माण चल रहा था। अब मंदिर बनकर तैयार हो गया है। सोमवार को मंदिर में भजन प्रतियोगिताएं होंगी। 21 जनवरी को 11 हजार कलशों के साथ कलश यात्रा निकाली जाएगी। 22 जनवरी को विधि विधान से मंदिर में 11 शिखर स्थापना की जाएगी।  

विष्णु हाईटेक सिटी: जब अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा होगी, उसी समय यहां भी होगी 
विष्णु हाइटेक सिटी में भी श्रीराम की सोमवार को प्राण प्रतिष्ठा होगी। 20 जनवरी से समारोह शुरू हो गया है। 21 जनवरी को प्रतिमा का नगर भ्रमण और कलश शोभायात्रा निकाली जाएगी। मंदिर समिति ने बताया कि 22 जनवरी को विधि विधान के साथ ठीक उसी समय प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी, जब अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा होगी। 

अखिलेश्वर महादेव: रामकथा का आयोजन चल रहा है
भेल काकड़ा अभिनव होम्स के अखिलेश्वर महादेव मंदिर में भी प्राण प्रतिष्ठा के तहत रामकथा का आयोजन हो रहा है। यहां 22 को राम दरबार की प्राण प्रतिष्ठा होगी। मंदिर में आयोजन शुरू हो गए हैं। 22 जनवरी को हवन-पूजन के साथ प्राण प्रतिष्ठा होगी। 

मनकामेश्वरी मंदिर: बड़ी संख्या में 22 को उमड़ेंगे लोग 
नेहरू नगर के मनकामेश्वरी मंदिर में भी इन दिनों प्राण प्रतिष्ठा समारोह का आयोजन चल रहा है। यहां 22 जनवरी को राधा कृष्ण की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। 22 जनवरी को बड़ी संख्या में लोग जुड़ेंगे और आरती के साथ भजन भी गाए जाएंगे।

सिद्धेश्वर शिव राम मंदिर: चार दिनों तक चलेगा उत्साह 
पल्लवी नगर उत्सव समिति की ओर से सिद्धेश्वर शिव राम मंदिर में भी चार दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का आयोजन शुक्रवार को ध्वज यात्रा के साथ शुरू हुआ। यहां 22 जनवरी को माता रानी की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी।

5379487