Logo
2018 में कांग्रेस की सरकार बनने पर शिवराज अपने बी-8 बंगले में शिफ्ट हो गए थे। 2020 में उपचुनाव के बाद दोबारा मुख्यमंत्री बने तो फिर इसी बंगले में शिफ्ट हो गए थे। अब फिर यहीं रहने की तैयारी है।

Shivraj Singh Chauhan New House: मोहन यादव के मुख्यमंत्री बनने के बाद शिवराज सिंह का नया घर भी तय हो गया है। अब उनका नया पता 74 बंगले स्थित बंगला नंबर बी-8 है। नया घर अलॉट होने के बाद शिवराज ने मुख्यमंत्री निवास को खाली करना शुरू कर दिया है। कीमती पेंटिंग, मोमेंटों और अन्य सम्मान की शिफ्टिंग शुरू हो गई है। अगले तीन दिन के अंदर श्यामला हिल्स स्थित मुख्यमंत्री आवास को खाली कर देंगे।

सांसद बनने पर 2005 में भी मिला था यह बंगला

शिवराज सिंह चौहान को 74 बंगला स्थित ये बंगला 2005 में सांसद बनने के बाद अलॉट हुआ था। इसके बाद शिवराज सिंह चौहान मुख्यमंत्री बनने पर मुख्यमंत्री निवास में शिफ्ट हो गए थे। तब से लेकर 2018 तक शिवराज श्यामला हिल्स पर ही रह रहे थे। इस बीच 2018 में  कांग्रेस की सरकार बनने पर वह अपने बी-8 बंगले में शिफ्ट हो गए थे। 2020 में दोबारा मुख्यमंत्री बनने के बाद वह दोबारा इसी बंगले में शिफ्ट हो गए थे।

मन में संतोष का भाव: शिवराज सिंह चौहान

मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री पद की लंबी पारी खत्म होने के बाद शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मैं कहीं नहीं जा रहा हूं।  प्रदेश की नई सरकार को मैं हमेशा सहयोग करता रहूंगा। सीएम शिवराज ने कहा कि आज मेरे मन में एक संतोष का भाव है। प्रदेश के निवर्तमान मुख्यमंत्री और भाजपा नेता शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मुझे पूरा विश्वास है कि मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में भाजपा की सरकार जो तेजी से काम चल रहे हैं, उन्हें पूरा करेगी। लोक कल्याणकारी योजनाओं को लागू करेगी और प्रगति और विकास की दृष्टि से मध्य प्रदेश नई ऊंचाइयां छूएगी।

पहली बार कोई पूर्व सीएम रहेगा श्यामला हिल्स के नीचे

पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान लिंक रोड नंबर-1 स्थित बी-8 बंगले में शिफ्ट होते है तो वह श्यामला हिल्स से नीचे आकर रहने वाले अकेले पूर्व मुख्यमंत्री होंगे। अभी प्रदेश के तीन पूर्व सीएम श्यामला हिल्स पर ही रह रहे हैं। इसमें पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ शामिल है। तीनों के सरकारी बंगले श्यामला हिल्स पर ही रह रहे हैं।

5379487