Zeeshan Siddique Alleges Rahul Gandhi: पूर्व कांग्रेस नेता बाबा सिद्दीकी के बेटे और हाल ही में मुंबई यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष पद से हटाए गए जीशान सिद्दीकी ने पार्टी में अल्पसंख्यकों के साथ भेदभाव का आरोप लगाया है। उन्होंने गुरुवार को दावा किया कि राहुल गांधी से मिलने के लिए उन्हें एक हैरान करने वाली बाधा का सामना करना पड़ा। सिद्दीकी ने कहा कि राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा लेकर महाराष्ट्र के नांदेड़ में थे। मैं उनसे मिलना चाहता था। लेकिन उनके इर्द-गिर्द रहने वालों ने शर्त रखी कि यदि राहुल गांधी से मिलना है तो उन्हें अपना 10 किलोग्राम वजन कम घटना होगा। 

31 वर्षीय जीशान सिद्दीकी ने कांग्रेस के भीतर अल्पसंख्यक नेताओं के साथ कथित दुर्व्यवहार की आलोचना की। पार्टी पर भेदभावपूर्ण और सांप्रदायिक दृष्टिकोण रखने का आरोप लगाया।

क्या कांग्रेस में मुस्लिम होना पाप है?
जीशान ने कहा कि कांग्रेस में अल्पसंख्यक नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ किया जा रहा व्यवहार दुर्भाग्यपूर्ण है। कांग्रेस और मुंबई युवा कांग्रेस में सांप्रदायिकता का स्तर अन्य जगहों से अलग है। क्या कांग्रेस में मुस्लिम होना पाप है? पार्टी को जवाब देना होगा मुझे क्यों निशाना बनाया जा रहा है? क्या यह सिर्फ इसलिए है क्योंकि मैं मुस्लिम हूं?

Zeeshan Siddique

बुधवार को पद से हटाया गया
सिद्दीकी को बुधवार को मुंबई युवा कांग्रेस अध्यक्ष के पद से हटा दिया गया था। उनके पिता बाबा सिद्दीकी 50 वर्षों से अधिक समय तक पार्टी से जुड़े रहने के बाद कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद वह अजित पवार के नेतृत्व वाली राकांपा में शामिल हो गए थे।

वांड्रे ईस्ट से विधायक जीशान सिद्दीकी ने दावा किया कि उन्हें मुंबई युवा कांग्रेस प्रमुख पद से हटाने के संबंध में अभी तक कोई सूचना नहीं दी गई है। उन्होंने दावा किया कि इस पद के लिए चुनाव में 90 प्रतिशत वोट हासिल करने के बावजूद पार्टी को उन्हें इस पद पर नियुक्त करने में नौ महीने लग गए।

खड़गे के हाथ बंधे, कुछ लोगों ने कांग्रेस को खत्म करने की सुपारी ली
सिद्दीकी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पार्टी में पूर्ण स्वतंत्रता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन भी नहीं कर सकते। उन्होंने दावा किया कि मल्लिकार्जुन खड़गे इतने वरिष्ठ नेता हैं लेकिन उनके भी हाथ बंधे हुए हैं। राहुल गांधी अपना काम कर रहे हैं, लेकिन ऐसा लगता है जैसे उनके आसपास के लोगों ने कांग्रेस को खत्म करने के लिए दूसरी पार्टियों से सुपारी ले रखी है।