Google Map: गूगल मैप के भरोसे सफर करना कभी-कभी मुसीबत बन सकता है।शनिवार( 5 फरवरी) को मुजफ्फरनगर के देवबंद थाना क्षेत्र में एक युवक गूगल मैप की वजह से लुट गया। युवक की कार गूगल मैप (Google Map) की वजह से रास्ता भटक कर खेत में फंस गई। युवक ने जब मदद के लिए राहगीरों से गुहार लगाई, तो बदले में उसे लूट लिया गया। बाइक सवार पांच युवकों ने पहले मदद का नाटक किया और फिर कार और मोबाइल लेकर फरार हो गए। पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
दोस्त से मिलने जा रहा था, रास्ता भटका
पुलिस के मुताबिक, मेरठ के शास्त्रीनगर निवासी फिरोज 5 फरवरी को अपने दोस्त से मिलने शामली जा रहा था। उसके साथ उसका दोस्त नौशाद भी था। रोहाना टोल पर लियाकत नामक व्यक्ति से मिलने के लिए उसने गूगल मैप (Google Map) पर लोकेशन सर्च किया। गूगल ने उसे खेतों के रास्ते से जाने का निर्देश दिया। अंधेरे में उसे अंदाजा नहीं हुआ कि वह हाईवे छोड़कर सुनसान इलाके में चला गया। जब तक वह कुछ समझ पाता, तब तक कार खेत में फंस चुकी थी।
मदद मांगने पर हुई लूट
रात करीब दो बजे फिरोज ने लियाकत को फोन कर बताया कि वह रास्ता भटक गया है। लियाकत ने उसे वापस हाईवे की ओर आने के लिए कहा। जब वह बैक करने लगा, तो उसकी कार गेहूं के खेत में और ज्यादा धंस गई। इसी दौरान वहां से गुजर रहे दो बाइक सवारों से उसने मदद मांगी। कुछ देर बाद तीन और युवक वहां पहुंचे। पहले तो उन्होंने कार निकालने की कोशिश की, लेकिन जैसे ही कार बाहर निकली, एक युवक ड्राइविंग सीट पर बैठ गया और कार लेकर फरार हो गया।
मोबाइल भी ले गए लुटेरे
बाकी के आरोपी भी अपनी बाइक से भाग निकले। फिरोज ने बताया कि कार में उसका मोबाइल भी रखा हुआ था, जिसे लुटेरों ने ले लिया। किसी तरह उसने अपने दूसरे फोन से पुलिस को सूचना दी। घटना के बाद वह अपने परिजनों के साथ देवबंद थाने पहुंचा और अज्ञात लुटेरों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी बीनू सिंह ने बताया कि जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पहले भी गूगल मैप की गलती से हो चुके हैं हादसे:
- 23 नवंबर 2024: अधूरे पुल से गिरकर तीन की मौत
यह कोई पहला मामला नहीं है, जब गूगल मैप (Google Map) की वजह से किसी को नुकसान हुआ हो। हाल के दिनों में कई ऐसे मामले हुए हैं जिनमें गूगल मैप ने लोगों को गलत रास्ता दिखाया है। यूपी के बरेली-बदायूं बॉर्डर पर 23 नवंबर 2024 को गूगल मैप की गलती से बड़ा हादसा हुआ। मैप ने अधूरे पुल से रास्ता दिखाया, जिससे कार पुल से गिर गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। इस घटना के बाद गूगल मैप पर आंख मूंदकर भरोसा न करने की चर्चाएं तेज हो गईं। - 29 नवंबर 2024: पत्थरों भरे रास्ते पर गिरा बाइक सवार
मध्य प्रदेश में 29 नवंबर 2024 को तेंदूखेड़ा से बाड़ी बरेली जाने वाले व्यक्ति को गूगल मैप (Google Map) ने गांवों के रास्ते से निकाला। रास्ते पर बड़े-बड़े पत्थर थे, जिससे बाइक सवार गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हेलमेट और सेफ्टी जैकेट के कारण उसकी जान बच गई। - 25 जनवरी 2024: फ्रांसीसी साइकिल सवार रास्ता भटके
बरेली में 25 जनवरी 2024 को गूगल मैप (Google Map) ने दो फ्रांसीसी साइकिल यात्रियों को गलत दिशा में भेज दिया। वे नेपाल जाने के लिए निकले थे, लेकिन रास्ता भटककर चुरैली डैम के पास पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने सतर्कता दिखाते हुए पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद उन्हें सही रास्ता दिखाया गया। - 27 दिसंबर 2024: निर्माणाधीन हाईवे पर चढ़ गई कार
हाथरस में 27 दिसंबर 2024 को गूगल मैप (Google Map) की वजह से एक कार निर्माणाधीन हाईवे पर चढ़ गई। मिट्टी के टीले से टकराकर कार क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि एयरबैग खुलने से कार सवार बाल-बाल बच गए। पुलिस ने घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला। - 7 फरवरी 2025: ट्रेलर गांव की गलियों में फंसा
जयपुर के बस्सी इलाके में 7 फरवरी 2025 को गूगल मैप (Google Map) ने 18 चक्कों वाले ट्रेलर को हाईवे के बजाय तंग गलियों में भेज दिया। ट्रेलर आठ घंटे तक बाजार में फंसा रहा, जिससे कई दुकानों और मकानों को नुकसान हुआ। बाद में पुलिस ने क्रेन से ट्रेलर को बाहर निकाला।