Lakhimpur Kheri News: लखीमपुर खीरी में बवाल हो गया। तेंदुए के हमले से बच्चे की मौत के बाद लोगों ने हंगामा कर दिया। आक्रोशित ग्रामीणों ने रविवार (6 अक्टूबर) को पुलिस और वन विभाग के कर्मचारियों पर हमला बोल दिया। ग्रामीणों ने पथराव किया। पुलिस की गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। कई पुलिस कर्मियों को चोटें आई हैं। मौके पर लोगों की भारी भीड़ लगी हुई है। कई थानों की फोर्स मौके पर मौजूद है। बता दें कल रात में एक बच्चे की तेंदुए के हमले से मौत हुई थी। उसी के बाद से ग्रामीणों में आक्रोश है। 

वन विभाग की टीम देर से पहुंची इसलिए आक्रोश 
जानकारी के मुताबिक, घटना के घंटों बाद वन विभाग की टीम पहुंची। इसी से नाराज होकर ग्रामीणों ने हमला बोल दिया। रविवार को प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम करने की कोशिश की। पुलिस ने लोगों को समझाने का प्रयास किया। इसी बीच स्थिति बिगड़ गई और ग्रामीणों ने अचानक पथराव शुरू कर दिया। भारी पुलिस बल आक्रोशित लोगों को शांत कराने का का प्रयास कर  रहा है। मृतक के परिजनों ने मांग की है कि तेंदुए को तुरंत पकड़ा जाए और मृतक के परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए।  

पिता के सामने बच्चे को खा गया तेंदुआ 
गंगाबेहड़ निवासी मुन्नर अली शनिवार शाम 7 बजे साइकिल से मिट्टी ढो रहे थे। उनका 12 साल का बेटा साजेब उर्फ छोटू  पीछे से साइकिल को धक्का दे रहा था। गांव के पास गन्ने के खेत से अचानक तेंदुआ निकला और बच्चे पर हमला कर उसे पकड़ लिया। तेंदुआ बच्चे को खींचकर ले गया। मुन्नर अली ने मदद के लिए जोर-जोर से शोर मचाया। जब तक लोग इकट्ठा हुए, तेंदुआ बच्चे को पेड़ पर ले जा चुका था। नीचे से पिता शोर करते रहे, परंतु तेंदुआ उनकी आंखों के सामने ही बच्चे को मारकर खा गया। 

बच्चे का सिर खा गया था तेंदुआ 
ग्रामीणों ने वन विभाग की टीम को सूचना दी। दो घंटे बीत जाने के बावजूद वन विभाग टीम मौके पर नहीं पहुंची। जिससे गुस्साए ग्रामीणों ने गन्ने के खेतों में ट्रैक्टर और बाइकों की रोशनी कर बच्चे की तलाश शुरू की। एक घंटे बाद गांव से आधा किलोमीटर दूर गन्ने के खेत से बच्चे का शव बरामद हुआ। तेंदुआ बच्चे का सिर खा गया था।  

समझने गए तो भड़क गई भीड़ 
घटना से आक्रोशित ग्रामीण और परिजन वन कर्मियों की लापरवाही का आरोप लगाकर सड़क पर बैठ गए थे। सूचना पर पुलिस वाले पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझाने की कोशिश तो भीड़ आक्रोशित हो गई। रविवार को  गुस्साई भीड़ ने पुलिस और वन विभाग पर पथराव कर दिया। कई पुलिसकर्मियों के घायल होने की सूचना है। पुलिस की गाड़ियां भी तोड़ दी।