Logo
Samajwadi Party Candidates List: समाजवादी पार्टी ने लोकसभा चुनाव के लिए 16 प्रत्याशियों की पहली सूची जारी की है। इसमें डिंपल, धमेंद्र और अक्षय यादव भी शामिल हैं।

Samajwadi Party Candidates List: लोकसभा चुनाव से पहले अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी की ओर से I.N.D.I. अलायंस को एक और झटका लगा है। दरअसल, उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के साथ सीट शेयरिंग को लेकर चर्चा के बीच ही समाजवादी पार्टी ने मंगलवार को अपने 16 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी। सपा प्रत्याशियों की पहली सूची में पार्टी सुप्रीमो अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव और चचेरे भाई धर्मेंद्र यादव, अक्षय यादव के नाम शामिल हैं। बता दें कि सपा ने पिछला लोकसभा चुनाव मायावती की पार्टी बसपा के साथ मिलकर लड़ा था।

अखिलेश बोले- कांग्रेस के हरी झंडी की जरूरत नहीं
अखिलेश यादव ने सूची जारी होने के बाद कहा- ''पार्टी जो ठीक समझेगी, वही करेगी। कांग्रेस से हरी झंडी लेने की जरूरत नहीं। हम अपने तरीके से उत्तर प्रदेश में गठबंधन को लेकर निर्णय लेंगे।'' सपा ने यूपी की जिन 16 सीटों के लिए लोकसभा प्रत्याशी घोषित किए उनमें मैनपुरी से सिटिंग सांसद और अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल तो बंदायूं से पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव और फिरोजाबाद से अक्षय यादव (चाचा शिवपाल के बेटे) का नाम शामिल किया है। 

सपा प्रत्याशियों की पहली सूची 

  1. मैनपुरी से डिंपल यादव (अखिलेश यावद की पत्नी) 
  2. बंदायू से धर्मेंद्र सिंह यादव (चचेरे भाई) 
  3. फिरोजबाद से अक्षय यादव (चचेरे भाई) 
  4. संभल से शफिकुर्ररहमान बर्क
  5. एटा सीट से देवेश शाक्य
  6. खीरी से उत्कर्ष वर्मा
  7. धौरहरा से आनंद भदौरिया
  8. लखनऊ से विधायक रविदास मेहरोत्रा 
  9. उन्नाव सीट से अन्नु टंडन
  10. अकबरपुर सीट से राजाराम पाल
  11. फर्रुखाबाद से डॉ नवल किशोर शाक्य
  12. चित्रकूट-बांदा से शिवशंकर सिंह पटेल
  13. फैजाबाद से अवधेश प्रसाद
  14. अंबेडकरनगर से लालजी वर्मा
  15. बस्ती रामप्रसाद चौधरी
  16. गोरखपुर सीट से काजल निषाद  

कांग्रेस को 11 और RLD को 7 सीटों का ऑफर  
समाजवादी पार्टी ने पिछले दिनों कांग्रेस और राष्ट्रीय लोक दल (RLD)से समझौता होने का दावा करते हुए दोनों पाटियों को क्रमश 11 और सात लोकसभा सीटों का ऑफर दिया था। किसी नेता की आधिकारिक तौर पर कोई प्रतिक्रिया तो सामने नहीं आई, लेकिन कांग्रेस में असंतोष की चर्चाएं जरूर सुनने को मिल रही थीं। दरअसल, कांग्रेस यूपी में 20 सीटें चाहती है। जिसके लिए उसके सीनियर नेता प्रयासरत हैं। RLD  भी सात सीटों से बहुत संतुष्ट नजर नहीं आ रही। पूरी खबर पढ़ें...

मुलायम सिंह के करीबी मेहरोत्रा लखनऊ बने प्रत्याशी 
समाजवादी पार्टी की सूची में लखनऊ लोकसभा सीट से पूर्व मंत्री व लखनऊ मध्य के विधायक रविदास मेहरोत्रा का नाम भी शामिल है। उनके प्रत्याशी बनाए जाने की घोषणा पिछले सप्ताह ही कर दी गई थी। रविदास मेहरोत्रा सपा के संस्थापक सदस्य ओर मुलायम सिंह के करीबी थे। जयप्रकास आंदोलन से निकले मेहरोत्रा के 250 बार जेल जाने की बात खूब चर्चा है। पूरी खबर पढ़ें...

2019 में सपा-बसपा ने मिलकर लड़ा था चुनाव
उत्तरप्रदेश में लोकसभा की 80 सीटें हैं। फिलहाल सपा के पास तीन और कांग्रेस का एक सांसद है। 2019 में सपा-बसपा ने मिलकर भाजपा के खिलाफ लोकसभा चुनाव लड़ा था। इसके बावजूद ज्यादातर सीटें भाजपा ने ही जीती थी। बसपा को 10 और सपा को 5 सीटों से संतोष करना पड़ा था। 2022 में सपा रामपुर और आजमगढ़ लोकसभा के उपचुनाव हार गई। इस चुनाव में कांग्रेस की ओर से सोनिया गांधी ही रायबरेली की सीट बचा पाईं थीं। राहुल गांधी अमेठी से हार गए थे। यहां सपा-बसपा गठबंधन ने प्रत्याशी नहीं उतारा था।

MP में नहीं बन पाई थी बात, पंजाब, बंगाल और बिहार में बिखरा INDIA गठबंधन 
समाजवादी पार्टी ने 2017 का यूपी विधानसभा चुनाव कांग्रेस के साथ मिलकर लड़ा था। कुछ माह पहले हुए मप्र के विधानसभा चुनाव में भी दोनों दलों के समझौते के प्रयास होते रहे, लेकिन बात नहीं बन पाई। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने अखिलेश के लिए अमर्यादित शब्द कह दिए, जिसके बाद सपा ने विंध्य बुंदेलखंड और चंबल रीजन की कई सीटों पर अपने प्रत्याशी उतार दिए, जिससे कांग्रेस का समीकरण बिगड़ गया। हाल ही में बिहार सरकार में सहयोगी रही जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने कांग्रेस और INDIA गठबंधन को झटका देते हुए NDA में शामिल हुई है। इससे पहले पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी और पंजाब में आम आदमी पार्टी ने अलग चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है। यूपी में भी संशय की स्थित दिख रही है। 

सपा ने संगठन में भी की नियुक्तियां 
समाजवादी पार्टी ने कानपुर के जितेन्द्र अग्निहोत्री प्रदेश सचिव और लखनऊ की अनीता श्रीवास्तव को समाजवादी महिला इकाई की प्रदेश महासचिव नियुक्त किया है। यह नियुक्तियां सपा सुप्रीमों अखिलेश यादव के सहमति से प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल और समाजवादी महिला सभा की प्रदेश अध्यक्ष रीबू श्रीवास्तव ने की है। 

5379487