Sultanpur Robbery Case: उत्तरप्रदेश में धड़ाधड़ एनकाउंटर हो रहे हैं। शुक्रवार (20 सितंबर) को पुलिस ने फिर एनकाउंटर के बाद 1 लाख के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। सुल्तानपुर की ज्वैलरी शॉप में डकैती करने के बाद से बदमाश फरार था। सूचना पर पुलिस बदमाश को पकड़ने जयसिंहपुर कोतवाली के मोइली गांव पहुंची। पुलिस टीम ने बदमाश अजय यादव को घेरा तो अजय फायरिंग करते हुए भागने लगा। पुलिस ने जवाबी फायरिंग की तो अजय के पैर में दो गोली लगी। पुलिस ने अजय को अस्पताल में भर्ती करवाया है।

अजय मेडिकल कॉलेज में भर्ती 
ज्वेलरी शॉप में डकैती मामले में पुलिस अब तक 4 बदमाशों का हाफ एनकाउंटर कर चुकी है। एक बदमाश मंगेश यादव मुठभेड़ में मारा गया था। शुक्रवार को सुबह पुलिस ने पैर में गोली मारकर जौनपुर निवासी अजय को गिरफ्तार किया है। गोली लगने से घायल अजय मेडिकल कॉलेज में भर्ती है। पुलिस ने बताया कि अजय पर एक लाख का इनाम था। 

29 अगस्त को दिनदहाड़े हुई थी डकैती
सुल्तानपुर के मेजरगंज में भरतजी सर्राफ की दुकान है। 29 अगस्त को सुबह 10 बजे भरत सोनी अपने बेटे के साथ आए और शॉप खोली। इसी बीच 2 कस्टमर आ गए। बेटा उनको जेवर दिखाने लगा। तभी मुंह पर गमछा बांधे एक बदमाश अंदर आया। अंदर पहुंचते ही उसने भरत सोनी पर हथियार तान दिया। कुछ ही देर में पीछे से चार बदमाश और आ गए। पांचों के हाथ में असलहे थे। मालिक भरत सोनी ने विरोध करने की कोशिश की तो बदमाशों ने कनपटी पर पिस्टल सटा दी। कस्टमर हाथ जोड़े बैठे रहे। बंदूक की नोक पर बदमाश 1.35 करोड़ की ज्वेलरी लूट ले गए थे। 

पुलिस अब तक इन्हें कर चुकी गिरफ्तार
डकैती की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई थी। फुटेज के आधार पर पुलिस ने छानबीन की और आरोपियों को पकड़ा शुरू किया। सबसे पहले पुलिस ने 2 सितंबर को कोतवाली इलाके में सचिन सिंह, त्रिभुवन और पुष्पेंद्र सिंह के पैर में गोली मारकर गिरफ्तार किया था। 15 किलो चांदी बरामद हुई थी। 5 सितंबर को डकैती में शामिल मंगेश यादव को एनकाउंटर में मार गिराया था। 11 सितंबर को दुर्गेश सिंह, विनय शुक्ला, अरविंद यादव, विवेक सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। डकैती के मास्टरमाइंड विपिन सिंह ने रायबरेली में सरेंडर किया था।