Logo
उत्तरप्रदेश के बिजनौर में बेइंतहा मोहब्बत की मामला सामने आया है। काजल और प्रीति के बीच पहले दोस्ती हुई। फिर प्यार हो गया। अब दोनों शादी करना चाहती हैं। परिवार और पुलिस ने समझाया लेकिन किसी की नहीं सुनी। कोर्ट ने साथ रहने की इजाजत दे दी।

लखनऊ। बिजनौर की काजल और मुरादाबाद की प्रीति को एक दूसरे से उत्तरखंड में मोहब्बत हो गई। दोनों साथ रहने की जिद पर अड़ गईं। परिवार वालों ने दोनों को खूब समझाया लेकिन वो नहीं मानी। पुलिस भी बीच में आ गई लेकिन लड़कियों ने किसी की नहीं सुनी। आखिर में उनकी जिद के आगे सबको झुकना पड़ा। कोर्ट ने भी दोनों को साथ रहने की इजाजत दे दी। अब दोनों लड़कियां जल्द शादी के बंधन में बंधेंगी। मामला उत्तरप्रदेश के बिजनौर की स्योहार थाना क्षेत्र का है। 

फैक्ट्री में काम करते-करते हुई दोस्ती, फिर हो गया प्यार 
प्रीति और काजल उत्तराखंड की एक फैक्ट्री में काम करती थीं। काम करते-करते दोनों की दोस्ती हो गई। कुछ ही दिन में दोस्ती प्यार में बदल गई। दोनों ने आपस में शादी करने का फैसला किया। लेकिन दोनों लड़कियों के परिजन तैयार नहीं हुए। परिजनों ने शादी का जमकर विरोध किया। विरोध बढ़ता देख प्रीति और काजल घर से फरार हो गईं।  

प्रीति के पिता ने दर्ज कराया था केस 
दोनों के भाग जाने के बाद प्रीति के पिता ने स्योहारा थाने में काजल के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया। मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस ने दोनों लड़कियों की तलाश शुरू की। 18 जनवरी को दोनों को बरामद कर लिया गया। पुलिस ने उनके परिजनों को बुलाया। प्रीति और काजल को समझाया, उनकी काउंसलिंग भी कराई गई लेकिन दोनों ने किसी की बात नहीं सुनी। 

कोर्ट में भी दोनों एक दूसरे के साथ रहने की जिद पर अड़ी रहीं
दोनों लड़कियों ने साथ रहने की जिद ऐसी पकड़ी कि किसी भी हालत में एक दूसरे को छोड़ने को तैयार नहीं हैं। जोर-जबरदस्ती करने पर गलत कदम उठाने की धमकी दे रही हैं। लड़कियों की जिद के आगे पुलिस और परिवार को झुकना पड़ा। दोनों को बिजनौर सीजेएम कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट में भी प्रीति और काजल साथ रहने की जिद पर अड़ी रहीं। काफी समझाने के बाद भी वह अलग होने को तैयार नहीं हुईं। दोनों के बालिग होने की पुष्टि होने के बाद कोर्ट ने दोनों को अपनी मर्जी के अनुसार रहने की स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। इसके बाद दोनों लड़कियां साथ चली गईं। 

5379487