Logo

US Deported Indians: अमेरिका से 119 अवैध अप्रवासी भारतीयों का दूसरा बैच शनिवार (15 फरवरी) रात पंजाब के अमृतसर पहुंचा। इसमें पंजाब के 67 और हरियाणा के 33 लोग सवार थे। इमिग्रेशन अधिकारी उनसे पूछताछ करेंगे। अप्रवासी भारतीयों को रिसीव करने मुख्यमंत्री भगवंत मान, केंद्रीय मंत्री रवनीत बिट्‌टू, कांग्रेस सांसद गुरजीत औजला एयरपोर्ट पहुंचे। 16 फरवरी को एक और विमान अप्रवासी भारतीयों को लेकर आने की संभावना है। 

अमेरिका ने अवैध अप्रवासियों को वापस भेजा शुरू कर दिया है। अमेरिका से 119 अवैध अप्रवासी भारतीयों का दूसरा जत्था शनिवार (15 फरवरी) रात अमृतसर पहुंचा। सैन्य विमान में पंजाब के 67 और हरियाणा के 33 लोग सवार होने की सूचना है। जत्थे में गुजरात के 8, UP के 3, गोवा, महाराष्ट्र-राजस्थान के दो-दो, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर का एक-एक व्यक्ति शामिल है।  

104 भारतीयों को 10 दिन पहले भेजा था 
अमेरिकी सैन्य विमान सी-17 से 5 फरवरी को 104 भारतीयों को अमृतसर पहुंचाया गया था। इन लोगों के हाथों में हथकड़ी और पैरों में बेड़ियां डालकर लाया था। इस बार भारतीयों को कैसे डिपोर्ट किया जाएगा, क्या उन्हें फिर से हथकड़ी-बेड़ियां पहनाकर भेजा जाएगा, इसे लेकर कोई जानकारी अब तक सामने नहीं आई है।

अमेरिका में अवैध रूप रहने वाले भारतीय को वापस लाने तैयार 
प्रधानमंत्री मोदी ने अमेरिका में अवैध प्रवासियों के मुद्दे पर अपनी स्पष्ट राय रखी थी। पीएम मोदी ने शुक्रवार को कहा था कि जो अवैध रूप से दूसरे देशों में रहते हैं, उन्हें वहां रहने का कोई कानूनी अधिकार नहीं है। जहां तक भारत और अमेरिका का सवाल है, अगर किसी व्यक्ति की भारतीय नागरिकता की पुष्टि हो जाती है और वह अमेरिका में अवैध रूप से रह रहा है, तो भारत उसे वापस लेने के लिए तैयार है।

अमेरिका में अवैध भारतीय अप्रवासियों की बड़ी तादाद
प्यू रिसर्च सेंटर की एक रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका में लगभग 7.25 लाख अवैध भारतीय अप्रवासी हैं। अमेरिका में रहने वाले अवैध अप्रवासियों की तादाद के मामले में भारतीय अप्रवासी तीसरे नंबर पर हैं। पहले स्थान पर मेक्सिको और दूसरे स्थान पर अल साल्वाडोर के प्रवासी हैं। रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि पिछले कुछ वर्षों में अमेरिका में अवैध भारतीय अप्रवासियों की संख्या लगातार बढ़ी है। अमेरिकी इमिग्रेशन एजेंसी ने हाल ही में 15 लाख अवैध अप्रवासियों की सूची तैयार की है, जिसमें 18,000 भारतीय शामिल हैं।

इसे भी पढ़ें: ट्रम्प का सख्त एक्शन: अवैध अप्रवासी भारतीयों का डिपोर्टेशन शुरू, C-17 मिलिट्री प्लेन से भेजा भारत, आज पहुंचेगा पहला जत्था

एक साल में 1100 से ज्यादा भारतीय डिपोर्ट
रिपोर्ट्स के मुताबिक, अक्टूबर 2023 से सितंबर 2024 के बीच अमेरिका ने 1100 से अधिक भारतीय अप्रवासियों को डिपोर्ट किया है। अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग (DHS) के असिस्टेंट सेक्रेटरी रॉयस मरे के मुताबिक, भारतीय अप्रवासियों का डिपोर्टेशन हाल के वर्षों में बढ़ा है। अमेरिका की नई इमिग्रेशन नीति के तहत मिलिट्री विमानों का इस्तेमाल कर अवैध अप्रवासियों को उनके देशों में वापस भेजा जा रहा है। इसी के तहत भारत के लिए पहली बार सैन्य विमान का इस्तेमाल किया गया है। अब से पहले जो भी डिर्पोटेशन हुआ है, उसमें अवैध ढंग से रहने वाले भारतीयों को सामान्य पैसेंजर प्लेन के जरिए भारत भेजा गया था। 

जानिए अमेरिका से अवैध अप्रवासियों को क्यों निकाल रहे 
ट्रम्प ने 20 जनवरी को राष्ट्रपति पद की शपथ लेते ही एग्जीक्यूटिव ऑर्डर पर साइन करके अवैध अप्रवासियों की एंट्री बैन करने का ऐलान किया था। ट्रम्प ने चुनाव कैंपेन में भी अवैध अप्रवासियों को देश से निकालने का वादा किया था। ट्रम्प ने अमेरिका के इतिहास का सबसे बड़ा डिपोर्टेशन करने को कहा था। ट्रम्प का मानना है कि दूसरे देशों से लोग अमेरिका में अवैध तरीके से घुसकर अपराध करते हैं। यहां नौकरियों के बड़े हिस्से पर अप्रवासियों का कब्जा है, इससे अमेरिकी लोगों को नौकरी नहीं मिलती।