Thailand visa relaxation Indians: भारतीय पासपोर्ट धारकों के लिए एक बड़ी खुशखबरी आई है। थाईलैंड सरकार ने भारतीय पर्यटकों के लिए वीजा नियमों में बड़ी ढील दी है। अब भारतीय पर्यटकों को थाईलैंड जाने के लिए वीजा लेने की जरूरत नहीं होगी। थाईलैंड सरकार ने पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भारतीयों को 60 दिनों तक बिना वीजा के यात्रा की अनुमति देने का फैसला किया है।

भारत समेत 93 देशों के यात्रियों को मिलेगा फायदा
थाईलैंड की इस नई नीति में कुल 93 देशों को शामिल किया गया है, जिसमें भारत भी प्रमुख है। थाईलैंड का पर्यटन उद्योग कोरोना महामारी के बाद से कई चुनौतियों का सामना कर रहा था। इन चुनौतियों से निपटने के लिए थाईलैंड ने दुनिया भर से पर्यटकों को लुभाने के लिए कई कदम उठाए हैं और नए नियम लागू किए हैं। इनमें वीजा नियमों में ढील देना बेहद अहम है।

अगले महीने से लागू हो जाएगा नया नियम
थाईलैंड सरकार का यह नया फैसला अगले महीने से प्रभावी होगा। इस फैसले के तहत 93 देशों के यात्री 60 दिनों तक थाईलैंड की सैर बिना वीजा के कर सकेंगे। इसके साथ ही, दूसरे देशों के कामगारों, स्नातक छात्रों और सेवानिवृत्त लोगों को लंबी अवधि तक थाईलैंड में रुकने की अनुमति देने का फैसला भी लिया गया है।

कामगारों को मिलेगी विस्तारित वीजा अवधि
थाईलैंड सरकार ने नए वीजा नियमों में दूसरे देशों के कामगारों के लिए पांच साल की विस्तारित वीजा अवधि देने का फैसला किया है। नए नियमों के मुताबिक, हर नए टूर के लिए भारतीय पर्यटकों को थाईलैंड में 180 दिनों तक रुकने की इजाजत हाेगी। थाईलैंड, अपनी किफायती कीमत और खूबसूरत द्वीपों के लिए मशहूर है। यह लंबे समय से दुनिया भर के लोगों के लिए पसंदीदा पर्यटन स्थल रहा है। यहां की प्राकृतिक सुंदरता और हरे भरे समुद्री तट लोगों को बरबस ही अपनी ओर खींच लेते हैं।

थाईलैंड के प्रमुख पर्यटन स्थल
साल 2023 में थाईलैंड में 2.45 करोड़ विदेशी पर्यटक पहुंचे थे। थाईलैंड की सरकार का लक्ष्य है कि सालाना 2.5 से 3 करोड़ पर्यटकों को आकर्षित किया जाए। थाईलैंड की राजधानी बैंकाक, फुकेट, चियांग मई, ऐतिहासिक शहर अयुथ्या और सुखोथाई प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल हैं। हर साल बड़ी संख्या में भारतीय पर्यटक थाईलैंड की सैर करने पहुंचते हैं।