Logo
Ford Motor: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने 2 दिन पहले कहा था कि सरकार और फोर्ड के बीच प्लांट फिर से शुरू करने को लेकर बातचीत चल रही है।

Ford Motor: फोर्ड मोटर कंपनी एक बार फिर भारत में वापसी कर रही है। शुक्रवार को खबर आई कि अब कंपनी ने तमिलनाडु के चेन्नई में स्थित अपने मैन्युफैक्चरिंग प्लांट को फिर से शुरू करने का फैसला लिया है। फोर्ड ने राज्य सरकार को इस संबंध में एक लेटर ऑफ इंटेंट सौंपा है। फोर्ड ने कारोबार समेटते हुए 2021 में भारत में कारों का प्रोडक्शन बंद कर दिया था।

सीएम ने दिए थे फोर्ड के काम शुरू करने के संकेत

  • फोर्ड मोटर की यह घोषणा तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के उस बयान के दो दिन बाद आई है जिसमें उन्होंने कहा था कि राज्य सरकार और फोर्ड के बीच प्लांट को दोबारा शुरू करने को लेकर बातचीत चल रही है।
  • फोर्ड ने 2021 में भारत में घरेलू बाजार के लिए कारों का प्रोडक्शन बंद कर दिया था और 2022 में एक्सपोर्ट भी रोक दिया था, जिससे कंपनी ने भारत के तीसरे सबसे बड़े कार बाजार से पूरी तरह से बाहर निकलने का फैसला किया था।

फोर्ड मोटर बाद में करेगी प्लांट में बनने वाली कारों का खुलासा 
हालांकि, अब कंपनी अपने चेन्नई प्लांट को दोबारा एक्सपोर्ट के उद्देश्य से सुचारू करने की योजना बनाई है। फोर्ड मोटर ने कहा है कि प्लांट में बनने वाली कारों और अन्य जानकारियों का खुलासा बाद में किया जाएगा। पहले कंपनी इसी प्लांट में कारों और इंजनों का प्रोडक्शन करती थी।

Ford Endeavour की संभावित वापसी:
Ford Endeavour की संभावित वापसी भारतीय बाजार में Toyota Fortuner और MG Gloster जैसी फुल-साइज SUVs के लिए चुनौती बन सकती है। ऐसा माना जा रहा है कि Ford अगले साल कभी भी नए अवतार में Endeavour को भारतीय बाजार में लॉन्च कर सकती है, जो Fortuner और Gloster के लिए कड़ी टक्कर साबित हो सकती है।

कंपनी की आधिकारिक जानकारी:
Ford International Markets Group के अध्यक्ष के हार्ट ने बताया कि कंपनी तमिलनाडु सरकार से मिल रहे निरंतर समर्थन के लिए आभारी है। उन्होंने कहा कि चेन्नई प्लांट के लिए विभिन्न विकल्पों पर विचार किया गया है। हालांकि, कार निर्माण से संबंधित अन्य जानकारी के बारे में उन्होंने कहा कि आगे के विवरण उचित समय पर साझा किए जाएंगे।

रोजगार के अवसर:
वर्तमान में Ford के पास तमिलनाडु में स्थित अपने वैश्विक व्यापार संचालन में लगभग 12,000 कर्मचारी हैं। इसके अलावा, अनुमान लगाया जा रहा है कि अगले तीन वर्षों में इस संख्या में 2,500 से 3,000 नई नौकरियां जुड़ सकती हैं। भारत में Ford के पास साणंद में एक इंजन मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी भी है, और भारत वैश्विक स्तर पर Ford का दूसरा सबसे बड़ा सैलरीड एम्प्लाई बेस है।

(मंजू कुमारी)  
 

5379487