Anurag Kashyap: क्राइम-थ्रिलर और ड्रामा से भरपूर फिल्मों के लिए जाने जाने वाले मशहूर फिल्ममेकर अनुराग कश्यप ने मुंबई छोड़ दिया है। उन्होंने खुद को बॉलीवुड से अलग कर लिया है। कुछ समय पहले ही उन्होंने बॉलीवुड इंडस्ट्री छोड़कर साउथ इंडिया में शिफ्ट होने का ऐलान किया था। जिसके बाद हालिया इंटरव्यू में उन्होंने खुलासा किया कि अब वह मुंबई छोड़ चुके हैं। इसका कारण उन्होंने बॉलीवुड इंडस्ट्री को 'टॉक्सिक' बताया है। 

'इंडस्ट्री बहुत जहरीली है...'
हाल ही में द हिंदू से बातचीत में उन्होंने कन्फर्म किया है कि वह मुंबई छोड़कर चले गए हैं। अनुराग कश्यप ने कहा- "मैंने मुंबई छोड़ दिया है। मैं फिल्मी लोगों से दूर रहना चाहता हूं। ये (बॉलीवुड) इंडस्ट्री बहुत जहरीली हो गई है। हर कोई असाधारण लक्ष्यों का पीछा कर रहा है... हर कोई ऐसी फिल्में बनाने की कोशिश में है जो 500 या 800 करोड़ रुपये जैसा बजट पार कर सके। क्रिएटिविटी का माहौल खत्म हो गया है।"

उन्होंने ये भी बताया कि वह नए शहर में अपने नए घर का पहला किराया भी चुका चुके हैं। हालांकि उन्होंने उस शहर का खुलासा किया जहां वह शिफ्ट हुए हैं। बहरहाल, रिपोर्ट में फिल्ममेकर के एक करीबी सूत्र के हवाले से जानकारी सामने आई है कि अनुराग कश्यप बेंगलुरु में बस गए हैं।

ये भी पढ़ें- Anurag Kashyap: अनुराग कश्यप ने मुंबई छोड़ने का किया ऐलान! बॉलीवुड की इस गलती की वजह से उठाया कदम

अनुराग कश्यप का वर्क फ्रंट
अनुराग कश्यप ने पिछले साल खुलासा किया था कि वह बॉलीवुड छोड़क साउथ इंडियन फिल्मों में काम कर सकते हैं। इन दिनों वह मलयालम फिल्म फुटेज के प्रमोशन में व्यस्त हैं, जो उनके द्वारा प्रस्तुत की गई है। सैजू श्रीधरन द्वारा निर्देशित इस फिल्म में मंजू वारियर के साथ विशाख नायर और गायत्री अशोक मुख्य भूमिका में हैं। यह फिल्म पिछले साल अगस्त में रिलीज हुई थी। हालांकि, इसका हिंदी वर्जन 7 मार्च 2025 को रिलीज़ किया जाएगा।