Bangladesh Political Crisis:बांग्लादेश में राजनीतिक संकट और अस्थिरता के बीच भारत से बांग्लादेश की आवाजाही पर अस्थायी रूप से रोक लगा दी गई है। रेल, हवाई सेवाएं, और सीमा पर यातायात बंद कर दिया गया है। वहीं, बांग्लादेश में स्थित भारतीय कंपनियों ने भी अपनी सेवाओं को अस्थायी रूप से रोक दिया है। LIC (Life Insurance Corporation) का कार्यालय 7 अगस्त तक बंद रहेगा। 

भारत ने रोकी बांग्लादेश जाने वाली ट्रेन सेवा
बांग्लादेश में चल रही राजनीतिक अस्थिरता के बीच भारत ने अपनी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दोनों देशों की सीमा पर  (India-Bangladesh train services) आवाजाही रोक दी गई है। इसके तहत भारतीय रेलवे ने भी सभी रेल सेवाएं अस्थायी रूप से निलंबित कर दी हैं। 19 जुलाई से 6 अगस्त तक कोलकाता-ढाका-कोलकाता मैत्री एक्सप्रेस ट्रेन (Kolkata-Dhaka Maitree Express)  समेत सभी ट्रेन सेवाओं को रद्द कर दिया गया है। बांग्लादेश में तख्तापलट होने की वजह से यह कदम उठाया गया है। 

हवाई सेवाओं पर भी पड़ा असर
बांग्लादेश में मौजूदा स्थिति को देखते हुए एयर इंडिया और इंडिगो एयरलाइंस ने भी अपनी उड़ानों को रद्द कर दिया है। एयर इंडिया ने ट्वीट कर जानकारी दी कि ढाका से आने-जाने वाली सभी उड़ानों को तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया गया है। इंडिगो एयरलाइंस ने भी यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए अपनी उड़ानों को रद्द करने की सूचना दी। ये कदम यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उठाए गए हैं।

बांग्लादेश में LIC का दफ्तर बंद
बांग्लादेश में चल रहे हिंसक प्रदर्शन और राजनीतिक संकट को देखते हुए LIC ने अपने बांग्लादेश कार्यालय को 7 अगस्त तक बंद रखने का निर्णय लिया है। LIC ने कहा कि बांग्लादेश सरकार द्वारा 5 अगस्त से 7 अगस्त तक कर्फ्यू लागू किए जाने के कारण यह कदम उठाया गया है। जानकारी के अनुसार, हालिया हिंसा में 100 से अधिक लोग मारे गए हैं, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई है।