Pyari Behna Sukh Samman Nidhi Yojana: महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए मध्य प्रदेश की लाडली बहना योजना जैसी योजना अब हिमाचल प्रदेश में लागू हो गई है। सोमवार को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इसका ऐलान किया। इसे इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख समृद्धि निधि योजना नाम दिया गया है। इसके दायरे में आने वाली हिमाचल प्रदेश की 5 लाख पात्र महिलाओं को हर महीने 1500 रुपए की आर्थिक मदद मिलेगी। दूसरी ओर, दिल्ली सरकार भी महिलाओं सम्मान राशि के रूप में 18 साल से ज्यादा उम्र की महिलाओं को 1000 रुपए महीने मदद देगी। हालांकि, मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से स्पष्ट किया कि इस प्रस्ताव को चुनाव के बाद मूर्त रूप दिया जाएगा। बता दें कि मध्यप्रदेश सरकार अभी महिलाओं को 1250 रुपए की मदद भेज रही है।   

हिमाचल की महिलाओं को मिलेंगे हर माह 1500 रुपए
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि आर्थिक समस्या होने के बावजूद भी हमारी सरकार ने जो गारंटियां जनता को दी थीं। उसमें सबसे बड़ी गारंटी हमारी महिलाओं के लिए थी, इसमें 18 से 80 साल तक की महिलाओं के लिए इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख समृद्धि निधि योजना की शुरुआत की है। प्रदेश सरकार ने भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए जो रकम बचाई है, उसे इन प्यारी बहनाओं को दिया जाएगा। आगे भी हम बाकी छोटी-छोटी गारंटियों को पूरा करने के लिए कार्य करेंगे। मुख्यमंत्री सुक्खू ने बताया कि 5 लाख महिलाओं को इस योजना का फायदा मिलेगा और सरकार पर 800 करोड़ रुपए सालाना आर्थिक बोझ आएगा।

केजरीवाल का ऐलान- महिलाओं को हर माह देंगे 1000 रुपए
दिल्ली की आप सरकार ने भी सोमवार को बजट पेश किया। इसमें महिला के लिए सम्मान राशि के तौर पर हर महीने 1000 रुपए राशि देने का प्रस्ताव रखा गया है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि महिला सम्मान राशि प्राप्त करने के लिए महिला की उम्र 18 साल से ज्यादा होनी चाहिए। उन्हें पहले से किसी सरकारी पेंशन का लाभ नहीं मिल रहा हो। साथ ही वे टैक्सपेयर भी नहीं होनी चाहिए। ऐसी सभी महिलाओं को योजना का लाभ दिया जाएगा। इसके लिए शुरुआती तौर पर उन्हें स्वघोषित प्रमाण पत्र आवेदन के साथ देना होगा। चुनाव के बाद विस्तार से योजना की रूप रेखा तय की जाएगी।

शिवराज ने शुरू की थी लाडली बहना योजना
महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए उनके खाते में क्रैश ट्रांसफर की योजना सबसे पहले मध्यप्रदेश में लागू हुई थी। विधानसभा चुनाव से पहले अप्रैल 2023 में तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लाडली बहना योजना लॉन्च की थी। इसके तहत 18 से 60 साल की उम्र की सभी बेटियों और महिलाओं को 1250 रुपए मासिक आर्थिक मदद दी जा रही है। विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा सरकार ने चुनावी घोषणाओं में लाडली बहना की राशि बढ़ाकर 3000 रुपए प्रति माह करने का वादा किया था। लेकिन अब तक इस पर अमल नहीं हो पाया है।